HP WEATHER : प्रदेश में आज से आंधी-तूफान का अलर्ट, इस दिन तक बरसेगा अंबर

प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। जहां एक ओर प्रदेश भर में तेज आंधी-तूफान और बारिश का दौर शुरू हो गया है, वहीं कुल्लू जिले के आनी में दर्दनाक हादसे में चार शिक्षकों की जान चली गई। शनिवार को राजधानी शिमला में दोपहर बाद अचानक मौसम बिगड़ गया।
तेज तूफान के साथ हल्की बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई और मौसम ठंडा हो गया। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बीते 24 घंटों में सराहन में सबसे अधिक 18.5 मिमी वर्षा रिकार्ड हुई, जबकि सांगला, सियोबाग और भाभानगर में भी बारिश हुई। वहीं राज्य में आने वाले तीन दिनों तक राज्य के अधिकांश क्षेत्रो में तेज बारिश का मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने पूर्वानुमान जारी किया है।
मौसम विभाग ने तीन, चार और पांच मई के लिए प्रदेश में आंधी-तूफान और बिजली गिरने का यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। खासकर मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में इसका अधिक प्रभाव देखने को मिल सकता है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले 24 घंटों में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री और अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। छह और सात मई को भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश जारी रह सकती है, जबकि आठ मई से मौसम साफ होने की संभावना है।
सतर्क रहने की अपील
मौसम विभाग और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, पेड़ों और कमजोर ढांचों से दूर रहें तथा बिजली गिरने के खतरे को देखते हुए खुले स्थानों पर न ठहरें। प्रदेश में बदलते मौसम के बीच यह चेतावनी और हादसा लोगों के लिए सतर्क रहने का बड़ा संकेत है।
No comments