आगरा चौपाटी में 45 फीट ऊपर से गिरा 16 साल का कुणाल, गोद में लाश लेकर चीखती रही मां; सिस्टम ने मार डाला!

आगरा : ताजनगरी आगरा की ‘ताज़ व्यू चौपाटी’ से एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। रविवार शाम चौपाटी में एडवेंचर का लुत्फ उठाने आए एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उस वक्त चीख-पुकार में बदल गईं, जब जिप लाइन (Zip Line) की राइड के दौरान एक भयानक लापरवाही के कारण 16 वर्षीय किशोर की 45 फीट की ऊंचाई से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद का एक बेहद दर्दनाक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें एक बेबस मां अपने दम तोड़ चुके बच्चे को गोद में उठाकर पागलों की तरह लोगों से मदद की गुहार लगा रही है, लेकिन सिस्टम की लाचारी के आगे उसकी चीखें दफन हो गईं।
बेटे की जिद पर फिरोजाबाद से आया था चूड़ी व्यापारी का परिवार, किसे पता था कि…
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फिरोजाबाद के रहने वाले चूड़ी व्यापारी पंकज अग्रवाल रविवार सुबह करीब 11:00 बजे अपनी पत्नी रिंकी और दोनों बेटों कुनाल (16 वर्ष) और मयंक (कक्षा 9 का छात्र) के साथ बस से आगरा घूमने आए थे। कुनाल 11वीं कक्षा का होनहार छात्र था और उसे स्टंट व एडवेंचर का काफी शौक था। उसने यूट्यूब पर आगरा चौपाटी की जिप लाइन के बारे में देखा था और पिछले कई दिनों से वहां जाने की जिद कर रहा था। परिवार ने सुबह खाटू श्याम मंदिर में दर्शन किए, मॉल में फिल्म देखी और शाम करीब 4:00 बजे चौपाटी पहुंचे थे। उन्हें जरा भी अंदाजा नहीं था कि बेटे की यह जिद उनके जीवन का सबसे बड़ा काल बन जाएगी।
45 फीट की ऊंचाई पर टूटा हुक, हवा से सीधे जमीन पर आ गिरा मासूम कुनाल
इस दिल दहला देने वाले हादसे के चश्मदीद मनोज ने बताया कि शाम करीब 6:00 बजे कुनाल जिप लाइन के शुरुआती पॉइंट से राइड पर सवार हुआ। वह जैसे ही प्लेटफॉर्म से महज 10 फीट आगे बढ़ा, हवा में अचानक उसकी बेल्ट का हुक धीरे-धीरे टूटने लगा। कुनाल ने खुद को संभालने की आखिरी कोशिश की, लेकिन देखते ही देखते वह 45 फीट की भयानक ऊंचाई से सीधे कंक्रीट के फर्श पर आ गिरा। कुनाल के गिरते ही उसकी मां की रूह कंपा देने वाली चीख निकल गई और पिता बेसुध हो गए। मां रिंकी ने तुरंत खून से लथपथ बेटे को अपनी गोद में उठा लिया और रोते हुए चिल्लाने लगीं “कोई मेरे लाल को बचा लो, वो तो बस यहां खेलने आया था।”
शर्मसार हुआ सिस्टम: तड़पता रहा बच्चा, 1 घंटे बाद पहुंची एंबुलेंस; चौपाटी में फर्स्ट एड तक नहीं
इस भयावह हादसे ने आगरा प्रशासन और चौपाटी प्रबंधन के सुरक्षा दावों की पोल खोलकर रख दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल कुनाल जमीन पर तड़प रहा था और पिता लोगों के सामने गाड़ी मांग रहे थे, लेकिन कोई आगे नहीं आया। सूचना के 15 मिनट बाद 4-5 पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे, लेकिन उन्होंने भी सरकारी वाहन न होने का हवाला देकर हाथ खड़े कर दिए। सबसे शर्मनाक बात यह रही कि इतनी बड़ी चौपाटी में प्राथमिक उपचार (First Aid) तक की कोई व्यवस्था नहीं थी। वीवीआईपी पर्यटन क्षेत्र होने और ताजमहल के पास हमेशा एंबुलेंस तैनात रहने के दावों के बावजूद, लहूलुहान कुनाल के लिए एंबुलेंस पूरे 1 घंटे बाद पहुंची। जब तक उसे एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी ले जाया गया, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आगरा पुलिस कमिश्नर पहुंचे मौके पर, रात में ही हुआ पोस्टमार्टम
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। रात करीब 9:00 बजे आगरा के पुलिस आयुक्त (कमिशनर) दीपक कुमार और डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस कमिश्नर ने चौपाटी प्रबंधन और जिप लाइन ऑपरेटर के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। रात 10:00 बजे पीड़ित माता-पिता ताजगंज थाने की बसई चौकी पहुंचे, जहां पुलिस ने तहरीर लेकर कानूनी कार्रवाई और शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की। होश में आने के बाद पिता पंकज बेटे के सीने से लिपटकर बस यही कहे जा रहे थे कि काश! उन्होंने बेटे की जिद न मानी होती, तो आज उनका सब कुछ नहीं छिनता।
हादसे की दर्दनाक टाइमलाइन: कब क्या हुआ?
- शाम 4:00 बजे: फिरोजाबाद का व्यापारी परिवार ताजगंज स्थित चौपाटी पहुंचा।
- शाम 5:00 बजे: बच्चों की जिद पर जिप लाइन राइड की टिकट ली और कतार में खड़े हुए।
- शाम 6:00 बजे: राइड शुरू होते ही हुक टूटा और कुनाल 45 फीट से नीचे गिरा। माता-पिता की चीख-पुकार।
- शाम 6:15 बजे: थाना ताजगंज पुलिस और बसई चौकी की फोर्स मौके पर पहुंची।
- शाम 7:00 बजे: हादसे के पूरे एक घंटे बाद आखिरकार एंबुलेंस मौके पर पहुंची और कुनाल को अस्पताल ले जाया गया।
- शाम 7:30 बजे: एसएन मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने कुनाल अग्रवाल को मृत घोषित किया।
- रात 9:00 बजे: पुलिस आयुक्त दीपक कुमार और डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने किया मुआयना।
No comments