Recent Posts

Breaking News

“शादी के बाद से ही करते थे मारपीट और तोड़फोड़” मृतका अनु मीणा के परिजनों ने लगाए PWD अधिकारी पर गंभीर आरोप

जयपुर : जयपुर के मुहाना इलाके से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। मामला राजस्थान सरकार के लोक निर्माण विभाग (PWD) में कार्यरत एक अधिशासी अभियंता (XEN) गौतम मीणा से जुड़ा है, जिन पर अपनी पत्नी को प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने के गंभीर आरोप लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, 7 अप्रैल 2026 को 36 वर्षीय अनु मीणा ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी थी। शुरुआत में इसे सामान्य आत्महत्या माना गया, लेकिन 20 मई को मृतका के पीहर पक्ष को मिले मोबाइल और वीडियो फुटेज ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया।

परिजनों का आरोप है कि वीडियो में पति द्वारा घर के अंदर हिंसा और प्रताड़ना के कई दृश्य सामने आए हैं। इनमें गाली-गलौज, तोड़फोड़ और मारपीट जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। बताया जा रहा है कि एक वीडियो में बच्चा भी मौजूद था, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।

परिवार का यह भी आरोप है कि मृतका लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेल रही थी। शादी के बाद से ही दहेज को लेकर दबाव बनाया जाता था और कई बार पैसों की मांग भी की गई। पीड़ित पक्ष का कहना है कि पहले भी बड़ी रकम दी गई थी, लेकिन प्रताड़ना कम नहीं हुई।

परिजनों ने यह भी गंभीर आरोप लगाया है कि मार्च 2026 में घर में गैस सिलेंडर से जुड़ी एक संदिग्ध घटना हुई थी, जिसे हादसा दिखाने की कोशिश की गई थी। हालांकि उस समय किसी तरह परिवार की जान बच गई थी।

वीडियो सामने आने के बाद मुहाना थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी के खिलाफ दहेज हत्या और आत्महत्या के लिए उकसाने जैसी गंभीर धाराओं में जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी वीडियो और सबूतों की जांच की जा रही है।

फिलहाल आरोपी गौतम मीणा फरार बताया जा रहा है और पुलिस की टीमें उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।

No comments