कौन हैं Roopa Ganguly? ‘महाभारत’ में द्रौपदी के किरदार से हुईं मशहूर, पश्चिम बंगाल में डिप्टी CM बनने की चर्चा.

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद अभिनेत्री Roopa Ganguly का नाम एक बार फिर सुर्खियों में है, जहां उन्हें राज्य की संभावित डिप्टी सीएम बनाए जाने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। हाल ही में सामने आए चुनाव परिणामों में बीजेपी को बड़ी सफलता मिली है और इसके बाद सरकार गठन को लेकर राजनीतिक हलचल बढ़ गई है।
रूपा गांगुली मूल रूप से कोलकाता की रहने वाली हैं और उनका जन्म 25 नवंबर 1966 को पश्चिम बंगाल के कल्याणी में हुआ था। उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई कोलकाता के बेलतल्ला गर्ल्स हाई स्कूल से की और बाद में कोलकाता विश्वविद्यालय से बीए की डिग्री हासिल की। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने अभिनय के क्षेत्र में कदम रखा।
उन्होंने अपने करियर की शुरुआत छोटे पर्दे से की थी, जिसमें उनका पहला बंगाली टीवी सीरियल ‘मुक्तबंध’ था, जबकि हिंदी में उन्हें ‘गणदेवता’ से पहचान मिली। इसके बाद उन्होंने फिल्मों में भी काम किया और बंगाली फिल्म ‘निरुपमा’ से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की। हिंदी फिल्मों में उन्होंने ‘साहेब’, ‘एक दिन अचानक’, ‘सौगंध’ और ‘प्यार का देवता’ जैसी फिल्मों में अभिनय किया।
रूपा गांगुली को सबसे ज्यादा पहचान बीआर चोपड़ा के प्रसिद्ध टीवी सीरियल ‘महाभारत’ से मिली, जिसमें उन्होंने द्रौपदी का किरदार निभाया था। इस भूमिका के बाद वे घर-घर में लोकप्रिय हो गईं और उनके अभिनय की काफी सराहना हुई।
निजी जीवन की बात करें तो उन्होंने 1992 में ध्रुबो मुखर्जी से विवाह किया था, जो एक मैकेनिकल इंजीनियर थे, लेकिन बाद में दोनों के रिश्तों में खटास आ गई और 2006 में उनका तलाक हो गया। इस विवाह से उनका एक बेटा आकाश मुखर्जी है।
राजनीतिक करियर में उन्होंने 2015 में बीजेपी जॉइन की और हावड़ा नॉर्थ से विधानसभा चुनाव लड़ा, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद 2016 में पार्टी ने उन्हें राज्यसभा भेजा। अब एक बार फिर उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हैं और उन्हें राज्य के डिप्टी सीएम पद की दौड़ में बताया जा रहा है।
No comments