Recent Posts

Breaking News

‘आ गई गुंडों की सरकार…’, बंगाल हिंसा पर भड़के TMC नेता कीर्ति आजाद, बोले- ‘राज्य में गुंडों का राज शुरू’

Bengal Suvendu Adhikari PA Murder : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत के बाद राज्य में राजनीतिक तनाव और हिंसा की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। एक ओर भाजपा 207 सीटों के साथ सरकार गठन की तैयारी में जुटी है, वहीं दूसरी तरफ 80 सीटों पर सिमटी तृणमूल कांग्रेस लगातार भाजपा पर माहौल बिगाड़ने के आरोप लगा रही है।

इसी बीच तृणमूल कांग्रेस सांसद कीर्ति आजाद ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर केंद्र सरकार और गृह मंत्री अमित शाह पर बड़ा हमला बोला है।

कीर्ति आजाद ने 5 मई को सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, “पश्चिम बंगाल में आ गई गुंडों की सरकार।”

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में भाजपा समर्थित तत्वों द्वारा हिंसा फैलाई जा रही है और कई इलाकों में तोड़फोड़ की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह को टैग करते हुए कहा कि बंगाल में डर और अराजकता का माहौल बनाया जा रहा है।

‘हर कोने से गुंडागर्दी की खबरें’

कीर्ति आजाद ने एक अन्य पोस्ट में दावा किया कि पश्चिम बंगाल के अलग-अलग हिस्सों से हिंसा और गुंडागर्दी की खबरें सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव परिणाम आने के बाद राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है।

हालांकि भाजपा नेताओं ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि तृणमूल कांग्रेस अपनी हार की बौखलाहट में इस तरह के आरोप लगा रही है।

कोलकाता पुलिस ने क्या कहा?

बढ़ते तनाव के बीच कोलकाता पुलिस आयुक्त अजय कुमार नंद ने कहा कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और भड़काऊ संदेशों पर ध्यान न दें। पुलिस आयुक्त ने चेतावनी दी कि शांति भंग करने या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि कोलकाता में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 65 कंपनियां और 240 त्वरित प्रतिक्रिया दल तैनात किए गए हैं। किसी भी जुलूस या रैली के लिए पुलिस से अनुमति लेना अनिवार्य किया गया है।

बिना अनुमति जुलूस पर कार्रवाई

पुलिस आयुक्त ने साफ कहा कि बिना अनुमति कोई भी जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने यह भी कहा कि जेसीबी मशीनों के साथ किसी प्रकार की रैली निकालने पर रोक रहेगी। यदि कोई व्यक्ति भय का माहौल बनाने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

हत्या के मामले पर पुलिस का बयान

हाल ही में हुई एक हत्या की घटना को लेकर भी पुलिस आयुक्त ने बयान दिया। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में यह मामला आपसी गैंगवार से जुड़ा प्रतीत होता है और इसका राजनीति से कोई संबंध नहीं दिख रहा है।

उन्होंने बताया कि मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है और जांच जारी है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जिस क्षेत्र में हिंसा हुई वहां तैनात पुलिस अधिकारियों की भूमिका की समीक्षा की जा रही है। यदि किसी अधिकारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

बंगाल में बढ़ा राजनीतिक तनाव

विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद पश्चिम बंगाल में राजनीतिक माहौल लगातार गरमाया हुआ है। भाजपा और तृणमूल कांग्रेस एक-दूसरे पर हिंसा फैलाने और कार्यकर्ताओं को निशाना बनाने के आरोप लगा रहे हैं। राज्य के कई जिलों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।

No comments