Recent Posts

Breaking News

‘मुझे US जाना है…’ पत्नी की इस जिद ने ले ली पति की जान; इंदौर में विवाद के बाद कारोबारी ने खुद को मारी गोली!

इंदौर : मध्य प्रदेश के इंदौर से एक दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां 62 वर्षीय कारोबारी सुधीर पाटनी ने अपने घर में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। यह घटना लसूड़िया थाना क्षेत्र के पॉश इलाके ‘शांति निकेतन’ की बताई जा रही है, जहां मृतक अपनी पत्नी के साथ अकेले रहते थे।

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 5 बजे यह घटना हुई। बताया जा रहा है कि कारोबारी ने पिस्टल से खुद को गोली मारी। घटना के समय उनकी पत्नी घर पर मौजूद थीं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मृतक का हार्डवेयर का व्यवसाय था और प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि अमेरिका में रह रहे बच्चों के पास पत्नी को जाने से रोकने को लेकर दोनों के बीच बहस हुई थी, जिसके बाद यह दुखद कदम उठाया गया।

घटना के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, हालांकि गोली लगने के मामले को देखते हुए पहले एक्स-रे कराया गया। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है ताकि आत्महत्या के पीछे की असली वजह सामने आ सके।

एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि यह मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है और शुरुआती जांच में पति-पत्नी के विवाद की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।

No comments