‘हम तुमसे मोहब्बत किया..’, प्यार में टूटा दिल तो फंदे पर झूला आशिक, आखिरी VIDEO बनाकर दी जान, कहा- अब तुम खुश रहो

लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के सिंगाही थाना क्षेत्र से प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां 20 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर मानसिक तनाव और टूटे प्रेम संबंध के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्मघाती कदम उठाने से पहले युवक ने मोबाइल से एक भावुक वीडियो रिकॉर्ड किया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है।
शादी समारोह में हुई थी मुलाकात
जानकारी के मुताबिक सिंगाही कस्बा निवासी इरफान का एक शादीशुदा महिला रचना से प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि करीब एक साल पहले दोनों की मुलाकात एक विवाह समारोह में हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ती चली गईं।
परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कुछ महीनों से दोनों के रिश्ते में तनाव चल रहा था। इसी वजह से इरफान काफी परेशान रहने लगा था और मानसिक दबाव में था।
महिला के पति के पास लौटने से टूट गया युवक
बताया जा रहा है कि हाल ही में महिला ने इरफान से दूरी बनाते हुए अपने पति के साथ रहने का फैसला कर लिया था। इस बात से इरफान पूरी तरह टूट गया। परिवार के लोगों का कहना है कि युवक ने महिला को वापस मनाने की काफी कोशिश की, लेकिन वह वापस आने को तैयार नहीं हुई।
इसी तनाव और निराशा में मंगलवार देर रात इरफान ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
मौत से पहले बनाया भावुक वीडियो
आत्महत्या से पहले इरफान ने करीब 1 मिनट 44 सेकेंड का एक वीडियो रिकॉर्ड किया। वीडियो में वह भावुक होकर कहता सुनाई दे रहा है, “हम तुमसे मोहब्बत किया ठीक… अब तुम खुश रहो हमारे बिना।”
वीडियो में युवक ने यह भी कहा कि उसकी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार न ठहराया जाए और उसके जाने के बाद संबंधित महिला को परेशान न किया जाए। युवक की लड़खड़ाती आवाज और भावुक अपील ने सोशल मीडिया पर लोगों को झकझोर दिया है।
पुलिस जांच में सामने आया पुराना विवाद
घटना की सूचना मिलते ही सिंगाही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों परिवारों के बीच पहले से विवाद चल रहा था।
बताया जा रहा है कि महिला के पति ने कुछ समय पहले इरफान, उसके पिता और भाई के खिलाफ थाने में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस अब इस पूरे मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इरफान का आखिरी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो, परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
No comments