Recent Posts

Breaking News

मोहाली में डेंजरस इश्क! ब्रेकअप के बाद प्रेमी ने एक्स गर्लफ्रेंड पर चाकू से किए 30 वार… फिर खुद का भी गला रेता

पंजाब। पंजाब के मोहाली के फेज-11 स्थित एसआरपी यूएस लॉजिस्टिक्स कंपनी में गुरुवार को एक युवक ने अपनी एक्स गर्लफ्रेंड और ऑफिस सहकर्मी 29 वर्षीय डिंपल पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। वारदात में आरोपी ने डिंपल की गर्दन पर करीब 30 बार वार किए। गंभीर रूप से घायल युवती को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद आरोपी ने खुद को भी चोट पहुंचाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिंसक घटना शाम लगभग साढ़े छह बजे की है। मृतक की पहचान डिंपल के रूप में हुई है, जो उसी कंपनी में काम करती थी। आरोपी हरजिंदर सिंह, जो पटियाला का रहने वाला है, और डिंपल एक ही कार्यालय में कार्यरत थे। शुरुआती जांच में पता चला है कि डिंपल आरोपी की पूर्व प्रेमिका थी। घटना के समय कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों के अनुसार, आरोपी ने डिंपल को रोककर बातचीत करने का प्रयास किया, लेकिन जब उसने इनकार किया तो गुस्से में आकर हमला कर दिया।

वारदात के तुरंत बाद दोनों को अस्पताल ले जाया गया। डिंपल को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि आरोपी का इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही फेज-11 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधिकारी अमन बैदवान ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।

इस घटना ने कंपनी के सुरक्षा प्रबंधों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। कर्मचारियों का कहना है कि कार्यालय में प्रवेश के दौरान किसी तरह की सख्त सुरक्षा जांच नहीं होती। यदि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होती तो इस तरह की वारदात को टाला जा सकता था।

पुलिस अभी आरोपी के बयान का इंतजार कर रही है और उसकी स्थिति बेहतर होने के बाद मामले की अन्य जांच की जाएगी। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया चल रही है।

No comments