Recent Posts

Breaking News

आरसीबी ने रचा इतिहास! लगातार दूसरी बार जीता खिताब, गुजरात को हराकर चेन्नई-मुंबई के खास क्लब में मारी एंट्री….ये रहे जीत के 5 महानायक

अहमदाबाद। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के हाई-वोल्टेज फाइनल मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। अहमदाबाद के दुनिया के सबसे बड़े नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए खिताबी मुकाबले में बेंगलुरु ने गुजरात टाइटंस (GT) को धूल चटाते हुए लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही आरसीबी ने आईपीएल इतिहास के पन्नों में अपना नाम सुनहरे अक्षरों से दर्ज करा लिया है। बेंगलुरु अब चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और मुंबई इंडियंस (MI) के बाद लगातार दो बार खिताब जीतने वाली टूर्नामेंट की तीसरी टीम बन गई है। लगभग डेढ़ महीने तक चले इस कड़े टूर्नामेंट में आरसीबी का दबदबा साफ नजर आया। इस महाविजय के पीछे सिर्फ मैदान पर खिलाड़ियों का प्रदर्शन नहीं था, बल्कि हेड कोच एंडी फ्लावर, सपोर्ट स्टाफ और टीम मैनेजमेंट की पर्दे के पीछे की वो कड़ी मेहनत थी जिसने बेंगलुरु को लगातार दूसरी बार ‘किंग’ बनाया। आइए जानते हैं आरसीबी की इस खिताबी जीत की 5 सबसे बड़ी वजहें।

1. एंडी फ्लावर का ‘सक्सेस मंत्र’ और आक्रामक सोच

कोच एंडी फ्लावर की अगुवाई में आरसीबी ने इस सीजन में एक नई परिभाषा लिखी, जिसका मूल आधार था— ‘सिर्फ और सिर्फ आक्रामकता’। यह अटैकिंग अप्रोच सिर्फ कागजों पर नहीं, बल्कि मैदान पर बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग तीनों विभागों में साफ दिखाई दी। कप्तान रजत पाटीदार ने इस सोच को खुद आगे बढ़कर लीड किया, जिसका असर टीम के सबसे जूनियर और अनकैप्ड खिलाड़ियों के प्रदर्शन में भी दिखा। जिस बेखौफ अंदाज के साथ आरसीबी ने इस मेगा टूर्नामेंट में कदम रखा था, फाइनल तक टीम ने उसे बरकरार रखा और यही नजरिया उनकी जीत का सबसे बड़ा आधार बना।

2. टॉप ऑर्डर का ‘विराट’ प्रदर्शन और सही समय पर सही फैसले

आरसीबी की खिताबी जीत का दूसरा सबसे मजबूत स्तंभ उसका टॉप ऑर्डर रहा। शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों ने ‘अटैक इज द बेस्ट पॉलिसी’ के मंत्र को कभी नहीं छोड़ा। हालांकि, ओपनिंग में विराट कोहली के जोड़ीदार को लेकर लगातार बदलाव देखने को मिले। पहले बीथल की फॉर्म खराब हुई तो फिल सॉल्ट को मौका मिला, और जब सॉल्ट का बल्ला शांत हुआ तो मैनेजमेंट ने मास्टरस्ट्रोक खेलते हुए वेंकटेश अय्यर को ओपनर बना दिया।

किंग कोहली ने 16 मैचों की 16 पारियों में 56.26 की बेहतरीन औसत से 1 शतक और 5 अर्धशतक ठोकते हुए सबसे ज्यादा 675 रन बनाए। वहीं, आखिरी के मैचों में ओपनर बनकर आए वेंकटेश अय्यर ने महज 7 मैचों में 52.25 की औसत से 209 रन कूट दिए। इसके अलावा देवदत्त पडिक्कल ने भी 16 मैचों में 33.14 की औसत से 464 रन बनाकर मध्यक्रम को मजबूती दी।

3. कैप्टन रजत पाटीदार का फ्रंट से लीड करना

अगर इस सीजन में रनों के मामले में विराट कोहली सुल्तान रहे, तो कप्तानी और मिडिल ऑर्डर में रजत पाटीदार आरसीबी की रीढ़ साबित हुए। नंबर 4 पर पाटीदार की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी और मैदान पर उनकी सटीक कप्तानी ने बेंगलुरु की जीत की लय को कभी टूटने नहीं दिया। पाटीदार इस सीजन के उन चुनिंदा कप्तानों में शामिल रहे जिन्होंने 500 से अधिक रन बनाए। उन्होंने 15 मैचों में 35.78 की औसत से 501 रन जोड़े, जिसमें 5 अर्धशतक शामिल थे। लेकिन सबसे खास बात उनका 192.69 का तूफानी स्ट्राइक रेट रहा, जिसने विरोधी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं। वह इस सीजन में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट के मामले में छठे पायदान पर रहे।

4. 37 साल के भुवनेश्वर कुमार का जादुई स्पेल

कहते हैं कि बल्लेबाज आपको मैच जिताते हैं, लेकिन गेंदबाज आपको टूर्नामेंट जिताते हैं। 37 साल के अनुभवी स्विंग किंग भुवनेश्वर कुमार आरसीबी के लिए इस सीजन में ‘गोल्डन हैंड’ साबित हुए। कप्तान रजत पाटीदार ने जब भी संकट के समय भुवी के हाथ में गेंद थमाई, उन्होंने विकेट निकालकर दिया। बल्लेबाजी में जो भूमिका विराट कोहली ने निभाई, वही काम गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार ने किया। भुवी ने 16 मैचों के 63 ओवरों में शानदार गेंदबाजी करते हुए 28 विकेट चटकाए और वह इस सीजन के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज रहे।

5. क्रुणाल पांड्या का ऑलराउंड शो और रासिख सलाम का जलवा

आरसीबी की इस महाजीत में ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या ने भी अहम भूमिका निभाई। उनके करियर का यह सबसे सर्वश्रेष्ठ सीजन कहा जा सकता है। क्रुणाल ने मिडिल ऑर्डर में बल्ले से 16 मैचों में 37.66 की औसत से 226 रन बनाए, वहीं गेंद से कमाल करते हुए 50.3 ओवरों में 14 विकेट भी झटके। सबसे खास बात यह रही कि वह 8.41 की इकॉनमी के साथ टीम के सबसे किफायती गेंदबाज रहे। दूसरी ओर, जम्मू-कश्मीर के युवा तेज गेंदबाज रासिख सलाम ने भुवनेश्वर कुमार का बखूबी साथ निभाया और 12 मैचों में 42.5 ओवर फेंककर 19 विकेट अपने नाम किए। इसी टीम वर्क के दम पर आरसीबी ने एक बार फिर आईपीएल की चमचमाती ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया।

No comments