Recent Posts

Breaking News

सतना में सनसनीखेज आत्महत्या: प्रेम विवाह के 9 महीने बाद युवक ने पेड़ पर लटककर दी जान, फंदे पर झूलने से पहले रिकॉर्ड किए 2 वीडियो

सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले से एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है। जसो थाना क्षेत्र के कलावल गांव में 24 वर्षीय युवक ने कथित रूप से मानसिक तनाव के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक ने आत्मघाती कदम उठाने से पहले दो वीडियो रिकॉर्ड किए, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वीडियो में उसने अपनी पत्नी और उसके परिजनों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

जानकारी के अनुसार, कलावल गांव निवासी मनोज कुशवाहा ने करीब नौ महीने पहले संजना कुशवाहा से प्रेम विवाह किया था। दोनों ने कोर्ट मैरिज के बाद कुछ समय तक महाराष्ट्र के पुणे शहर में साथ रहकर जीवन बिताया। हाल ही में दोनों अपने गृह क्षेत्र लौटे थे।

बताया जा रहा है कि 27 मई को घर आने के बाद मनोज की पत्नी अपने मायके चली गई थी। मनोज के बार-बार आग्रह करने के बावजूद वह वापस नहीं लौटी। इसी बात को लेकर युवक मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा था।

परिजनों के अनुसार, 28 मई को मनोज गांव के बाहर एक जामुन के पेड़ पर चढ़ गया और वहां अपने मोबाइल फोन से दो वीडियो रिकॉर्ड किए। वीडियो में वह भावुक होकर अपनी परेशानी बयान करता दिखाई देता है। उसने अपनी मौत के लिए पत्नी और उसके परिजनों को जिम्मेदार ठहराने का दावा किया है।

वीडियो रिकॉर्ड करने के बाद युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और मामले की जांच शुरू कर दी।

घटना के कुछ दिन बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। मृतक के परिजनों का आरोप है कि मानसिक प्रताड़ना और पारिवारिक विवाद के कारण मनोज ने यह कदम उठाया।

नागौद एसडीओपी रघु केशरी ने बताया कि पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो की सत्यता और तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है। साथ ही मृतक के परिजनों और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और सभी तथ्यों की पुष्टि के बाद ही आत्महत्या के कारणों तथा लगाए गए आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मामले में आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।

No comments