नशे में धुत मनचले को लड़की ने सड़क पर लगवाईं उठक-बैठक, वीडियो हुआ वायरल

हैदराबाद : हैदराबाद से एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसने सोशल मीडिया पर खलबली मचा दी है। बंडलागुड़ा जागीर इलाके में स्थित McDonald’s के बाहर एक लड़की ने अपनी हिम्मत और सूझबूझ से एक मनचले को ऐसा सबक सिखाया कि वह जीवन भर याद रखेगा। सरेआम बदसलूकी करने वाले एक 38 वर्षीय व्यक्ति को लड़की ने बीच सड़क पर न केवल घेरा, बल्कि उससे माफी मंगवाकर उठक-बैठक भी लगवाई।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, लड़की अपनी टीम के साथ एक वीडियो शूट करने के लिए बाहर निकली थी। शूटिंग खत्म करने के बाद जब वह McDonald’s के बाहर अपनी कार में बैठी, तभी वहां मौजूद अनीश अरविंदाक्षन नाम के एक व्यक्ति ने उसके साथ बदसलूकी की। लड़की का आरोप है कि उस व्यक्ति ने उसे गलत तरीके से छुआ और एक टिशू पेपर थमाते हुए बेहद आपत्तिजनक लहजे में कहा, “Be happy baby girl come to me.” इतना कहकर वह अपनी कार की ओर भागने लगा।
लड़की ने दिखाई बहादुरी, छीनी कार की चाबियां
शुरुआत में तो लड़की कुछ सेकंड के लिए स्तब्ध रह गई, लेकिन जल्द ही उसने खुद को संभाला और उस व्यक्ति का पीछा किया। जब लड़की ने उससे टिशू पेपर और उसमें लिखे नंबर के बारे में सवाल किया, तो वह व्यक्ति बुरी तरह शराब के नशे में पाया गया। भागने की कोशिश में उसने टिशू पेपर को फाड़कर अपनी जेब में छिपा लिया। लड़की ने उसे भागने से रोकने के लिए तुरंत उसकी कार की चाबियां निकाल लीं और उसे मौके पर ही रोक लिया।
सरेआम सड़क पर लगवाई उठक-बैठक
बहस के दौरान जब लड़की ने उस व्यक्ति से पूछा कि क्या वह शादीशुदा है, तो उसने अपनी पत्नी के होने की बात स्वीकार की। इसके बाद लड़की ने उसे अल्टीमेटम दिया कि या तो वह यहीं सड़क पर उठक-बैठक लगाए या फिर वह उसकी पत्नी को इस पूरी घटना की जानकारी देगी। पहले तो आरोपी ने अपनी अकड़ दिखाने की कोशिश की, लेकिन जब उसे लगा कि मामला गंभीर है और लड़की पीछे हटने वाली नहीं है, तो उसे हार माननी पड़ी और सरेआम सड़क पर उठक-बैठक लगानी पड़ी।
वायरल वीडियो और लोगों की प्रतिक्रिया
करीब 60 सेकंड के इस वीडियो में लड़की नीली टी-शर्ट में काफी गुस्से में दिखाई दे रही है, जबकि आरोपी मरून शर्ट में नजर आ रहा है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लड़की ने साफ तौर पर कहा है कि इस वीडियो का उद्देश्य किसी का अपमान करना नहीं है, बल्कि हैदराबाद जैसे शहरों में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर जागरूकता फैलाना है। साथ ही, यह संदेश देना है कि सड़क पर होने वाली ऐसी हरकतें समाज में कतई स्वीकार्य नहीं हैं। फिलहाल, यह वीडियो इंटरनेट पर चर्चा का केंद्र बना हुआ है और लोग लड़की की इस साहसी कदम की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
No comments