Recent Posts

Breaking News

पिता सरकारी अस्पताल के मेल वार्ड में भर्ती थे… डॉक्टर ने नाबालिग बेटी से किया रेप, ब्लीडिंग होने पर हुआ खुलासा; आरोपी नौकरी से बर्खास्त..

  

कुरुक्षेत्र, हरियाणा। हरियाणा के कुरुक्षेत्र स्थित लोकनायक जयप्रकाश (LNJP) जिला नागरिक अस्पताल में एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म के गंभीर मामले ने हड़कंप मचा दिया है। मामले में आरोपी डॉक्टर शैलेंद्र शैली को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल प्रभाव से उसकी सेवाएं समाप्त कर उसे बर्खास्त कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, 14 वर्षीय पीड़िता को 29 मई को पेट दर्द और स्वास्थ्य समस्या के चलते अस्पताल के फीमेल वार्ड में भर्ती कराया गया था। उसे आरोपी डॉक्टर के अधीन उपचार के लिए रखा गया था।

OPD रूम में कई बार दुष्कर्म का आरोप

पीड़िता ने आरोप लगाया है कि अस्पताल के OPD रूम नंबर 426 में उसके साथ कई बार यौन उत्पीड़न किया गया। बाद में ज्यादा ब्लीडिंग की शिकायत के चलते उसे इमरजेंसी वार्ड में शिफ्ट किया गया, जहां उसने पूरी घटना का खुलासा किया।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, गायनोकॉलजिस्ट की रिपोर्ट में भी “मल्टीपल टाइम सेक्सुअल असॉल्ट” की पुष्टि का उल्लेख किया गया है, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

आरोपी डॉक्टर का आपराधिक इतिहास भी सामने आया

जानकारी के मुताबिक, आरोपी डॉक्टर शैलेंद्र शैली पहले भी रेप के एक मामले में जेल जा चुका है। वह पहले प्राइमरी मेडिकल ऑफिसर (PMO) के पद से रिटायर हो चुका था, लेकिन बाद में कंसल्टेंट फिजिशियन के तौर पर दोबारा सेवाएं दे रहा था।

सरकार की कार्रवाई, जांच शुरू

मामला सामने आते ही हरियाणा सरकार ने आरोपी डॉक्टर को तत्काल बर्खास्त कर दिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गंभीर जांच शुरू कर दी गई है।

वहीं, हरियाणा राज्य महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लेते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। आयोग ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को निर्देश दिया है कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, पॉक्सो एक्ट और सेवा नियमों के तहत कठोर कार्रवाई की जाए।

पीड़िता की सुरक्षा और पुनर्वास पर जोर

महिला आयोग ने पीड़िता की सुरक्षा, काउंसलिंग और पुनर्वास सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं और जल्द विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है।

No comments