हिमाचल में चार दिन बारिश-तूफान का अलर्ट, कल से सात जून तक छाए रहेंगे बादल, गर्मी से मिलेगी राहत
हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर से मौसम के मिजाज अब बदलने वाले हैं। जून की शुरुआत के साथ मौसम सुहावना बना हुआ है। मंगलवार को राज्य के अधिकांश इलाकों में दिनभर बादल छाए रहे, जबकि कई स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अब तीन से छह जून तक लगातार चार दिन प्रदेश के कई जिलों में आंधी, गर्जन, बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है।
विभाग के अनुसार तीन से सात जून तक पूरे प्रदेश में मौसम खराब बना रहेगा और कई क्षेत्रों में वर्षा की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। तीन जून को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं का येलो अलर्ट रहेगा।
चार जून को मौसम गतिविधियां और व्यापक होंगी। इस दिन ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में आंधी, बिजली और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं की चेतावनी जारी की गई है। पांच जून को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, शिमला और सिरमौर जिलों में मौसम खराब रहने का अनुमान है। छह जून को चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों में गर्जन, बिजली चमकने और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।
कहां, कितना तापतान
ऊना में 37.0 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके बाद नेरी 35.9, मंडी 35.0, सुंदरनगर 34.7, कांगड़ा 34.6, भुंतर 34.2, नाहन 33.2, बरठीं 33.1, चंबा 31.7, सोलन 31.5, धर्मशाला 31.0, जुब्बड़हट्टी 29.2, मनाली 27.2, शिमला 25.0, ताबो 22.5, केलांग 22.0, कल्पा 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

No comments