Recent Posts

Breaking News

शादी के कुछ घंटे बाद क्रैश हो गया हेलीकॉप्टर… पायलट दूल्हे की मौत, मगर पत्नी बाल-बाल बच गई

अटलांटा/जॉर्जिया। अमेरिका के जॉर्जिया में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां शादी के कुछ ही घंटों बाद हेलीकॉप्टर दुर्घटना में भारतीय मूल के पायलट डेव फिजी की मौत हो गई। इस हादसे में उनकी पत्नी जेसनी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि एक अन्य पायलट की भी मौत की पुष्टि हुई है।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब नवविवाहित जोड़ा शादी समारोह के बाद हनीमून यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर से रवाना हुआ था। 26 वर्षीय डेव फिजी डेल्टा एयर लाइन्स में फर्स्ट ऑफिसर के पद पर कार्यरत थे और उनका परिवार मूल रूप से केरल से जुड़ा हुआ बताया जाता है।

प्रत्यक्षदर्शियों और मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रॉबिन्सन R66 हेलीकॉप्टर डॉसनविले के पास उड़ान भर रहा था, तभी यह अचानक क्रैश हो गया और माउंट वर्नोन ड्राइव के पास डॉसन काउंटी के एक जंगली इलाके में गिर गया।

स्थानीय रिपोर्ट्स के मुताबिक, शादी समारोह में करीब 400 मेहमान शामिल हुए थे। शादी के बाद नवविवाहित जोड़ा डेकालब-पीचट्री एयरपोर्ट के लिए रवाना हुआ था, जहां से उन्हें आगे अटलांटा शहर के होटल में रुकना था। लेकिन उससे पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया।

दुर्घटना में पायलट डेव फिजी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी जेसनी, जो पेशे से नर्स हैं, गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

परिवार के अनुसार, जेसनी लगभग छह घंटे तक हेलीकॉप्टर के मलबे में फंसी रहीं, जब तक कि बचाव दल मौके पर नहीं पहुंचा। डेव के पिता जॉर्ज फिजी ने बताया कि उनकी बहू ने होश में आने के बाद देखा कि डेव उनके पास ही थे, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी।

परिवार ने बताया कि डेव ने उड़ान से पहले मौसम को लेकर चिंता जताई थी और कम विजिबिलिटी को लेकर सावधानी बरतने की बात कही थी। हालांकि, इसके बावजूद उड़ान आगे बढ़ाई गई।

स्थानीय प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि तकनीकी खराबी, मौसम या मानवीय गलती—किस वजह से यह दुर्घटना हुई।

No comments