Recent Posts

Breaking News

जबलपुर में देह व्यापार के बड़े रैकेट का खुलासा, 100 से ज्यादा युवतियों से जुड़े नेटवर्क का पर्दाफाश

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे ‘गरिमा अभियान’ के तहत पुलिस ने देह व्यापार के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। महिला थाना पुलिस और प्रशासनिक टीम की संयुक्त कार्रवाई में अधारताल क्षेत्र से संचालित रैकेट का पर्दाफाश करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य सप्लायर कपिल जायसवाल उर्फ अमन जायसवाल और मकान मालिक भी शामिल हैं। पांच दिन की पुलिस रिमांड में हुई पूछताछ और तकनीकी जांच के दौरान सामने आया कि यह नेटवर्क 100 से अधिक युवतियों तक फैला हुआ था और इसका संपर्क मध्य प्रदेश के अलावा महाराष्ट्र व उत्तर प्रदेश तक था।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अनु बेनिवाल ने बताया कि मुख्य आरोपी के मोबाइल और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच में बड़ी संख्या में फोटो, वीडियो और चैट मिले हैं। इनसे महिलाओं और युवतियों की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है।

मामले में स्थानीय स्तर पर सहयोग और संदिग्ध भूमिका सामने आने पर एक पुलिस कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं संबंधित थाना प्रभारी से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है।

जांच के दौरान शहर के कुछ कैफे और रेस्टोरेंट में भी अनियमितताएं मिलीं। आरोप है कि कुछ कैफे में खाने-पीने की आड़ में पर्दे और सीक्रेट केबिन बनाकर गलत गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। पुलिस ने नगर निगम की टीम के साथ कार्रवाई करते हुए अब तक पांच संदिग्ध कैफे सील कर दिए हैं।

पुलिस के मुताबिक, ‘गरिमा अभियान’ का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व सम्मान सुनिश्चित करना है। इसके तहत शहर में अनैतिक गतिविधियों, अवैध अड्डों और संदिग्ध स्थानों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।

No comments