Recent Posts

Breaking News

Ghazipur : गंगा नहाते समय भाई-बहन डूबे, दोनों की मौत; गांव में पसरा मातम..

Ghazipur : करंडा थाना क्षेत्र के माहेपुर गांव के बिंद पुरवा में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा सामने आया। गंगा में नहाने गए भाई-बहन की डूबने से मौत हो गई। काफी प्रयास के बाद ग्रामीणों ने दोनों बच्चों के शव नदी से बाहर निकाले। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, माहेपुर गांव निवासी संतोष बिंद के बच्चे कृष्णा बिंद (साढ़े तीन वर्ष) और प्रिया बिंद (5 वर्ष) सुबह खेलते-खेलते गंगा किनारे पहुंच गए थे। वहां मौजूद कुछ लोगों ने बच्चों को देखा और उन्हें घर लौटने के लिए कहा। इसके बाद दोनों बच्चे वापस चले गए।

कुछ देर बाद दोनों भाई-बहन दोबारा गंगा किनारे पहुंच गए और पानी में उतरकर नहाने लगे। नदी में पानी अधिक होने के कारण दोनों बच्चे डूबने लगे।

ग्रामीणों ने किया बचाने का प्रयास

गंगा किनारे खेत में काम कर रहे एक व्यक्ति की नजर बच्चों पर पड़ी। उसने बच्चों को डूबते देखा तो शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों बच्चे पानी में समा चुके थे।

ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों के शव नदी से बाहर निकाले। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लिया

ग्रामीणों की सूचना पर करंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।

थानाध्यक्ष संतोष पाठक ने बताया कि घर गंगा किनारे होने के कारण दोनों बच्चे खेलते-खेलते नदी तक पहुंच गए और नहाने के दौरान डूब गए। पुलिस मामले में नियमानुसार कार्रवाई कर रही है।

No comments