गुरुग्राम की शातिर हनीट्रैप क्वीन वर्षा का काला चिट्ठा: बिजनेसमैन को फंसाकर रची शादियां, 13 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज

Gurugram : हरियाणा के गुरुग्राम से एक बेहद हैरान करने वाला और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बिजनेसमैन को अपने प्यार के जाल में फंसाकर ब्लैकमेल करने और झूठे मुकदमों की धमकी देकर शादियां रचाने वाली वर्षा नाम की महिला का काला सच परत-दर-परत बाहर आ रहा है. धोखाधड़ी और ऑफिस पर कब्जा करने के गंभीर आरोपों के बाद सेक्टर-65 थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार की जा चुकी इस महिला पर उसके पीड़ितों और पतियों ने एक से बढ़कर एक चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि शातिर वर्षा और उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से ही करीब 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जो उसके शातिर अपराधी होने की गवाही देते हैं.
लैब ओनर को फंसाया, 62 दिन जेल में कटवाकर मांगी 15 लाख की लैब
पीड़ित लैब ओनर सचिन सिंह राजपूत ने पुलिस को अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि आरोपी वर्षा उनकी गुरुग्राम स्थित लैब में रिसेप्शनिस्ट के रूप में काम करती थी. हालांकि, लैब के लेन-देन में हेरफेर और उसकी संदिग्ध गतिविधियों को भांपते हुए सचिन ने उसे नौकरी से निकाल दिया था. इसी बात का बदला लेने के लिए वर्षा ने सचिन के भतीजे को अपने जाल में फंसाया, एक होटल में सचिन की आईडी का गलत इस्तेमाल किया और फर्जी दस्तावेज तैयार करवाकर सचिन पर किडनैपिंग व दुष्कर्म जैसे गंभीर और झूठे मुकदमे दर्ज करा दिए. इस साजिश के चलते बेकसूर सचिन को सलाखों के पीछे 62 दिन दर्दनाक तरीके से बिताने पड़े. जब मामला सुलझाने और एफआईआर रद्द कराने की बात आई, तो शातिर वर्षा ने समझौते के बदले हर महीने 15 लाख रुपये की कमाई देने वाली पूरी लैब की ऑनरशिप अपने नाम करने की शर्त रख दी. समाज में बदनामी और भारी दबाव के आगे झुकते हुए सचिन को उससे शादी करनी पड़ी, हालांकि बाद में पुलिस की निष्पक्ष जांच में सचिन पूरी तरह निर्दोष साबित हुए और वर्षा की झूठी शिकायत अदालत व पुलिस द्वारा खारिज कर दी गई.
तीसरे पति संदीप का सनसनीखेज आरोप- चाय में नशीला पदार्थ देकर रचाई शादी
इस मामले में वर्षा के तीसरे पति और भिवानी निवासी रियल एस्टेट कारोबारी संदीप कुमार ने भी कई बड़े खुलासे किए हैं. संदीप के मुताबिक, वर्षा साल 2023 में उनकी कंपनी में बतौर रिसेप्शनिस्ट नौकरी करने आई थी. संदीप का गंभीर आरोप है कि वर्षा उन्हें चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाती थी और फिर ब्लैकमेल कर शादी का दबाव बनाती थी. इसी दबाव में आकर जून 2023 में दोनों ने शादी कर ली, लेकिन वर्षा ने अपनी पिछली दो शादियों (अंकित चौधरी और सचिन) की बात उनसे पूरी तरह छिपा कर रखी थी. संदीप ने बताया कि वर्षा ने अंकित और सचिन की तरह ही कई अन्य भोले-भाले युवकों को भी अपने जाल में फंसाया और उन पर रेप व किडनैपिंग जैसे संगीन केस दर्ज करवाकर उन्हें भारी-भरकम रकम वसूलने के लिए धमकाती थी.
घर पर कब्जे की कोशिश और फ्लैट के नाम पर भारी वसूली
संदीप कुमार ने आगे बताया कि वर्षा लगातार उन पर दो करोड़ रुपये का एक महंगा फ्लैट खरीदने का भारी दबाव बना रही थी और इस दौरान वह उनसे करीब 21 लाख रुपये ऐंठ भी चुकी थी. बात तब हद से पार हो गई जब बीते 12 जून को वर्षा अपने कुछ परिजनों के साथ जबरन संदीप के दफ्तर में घुस आई, वहां अपना ताला जड़ दिया और ऑफिस के सीसीटीवी कैमरों का एक्सेस पूरी तरह अपने कब्जे में ले लिया. इस अवैध कब्जे और उत्पीड़न से परेशान होकर संदीप ने तुरंत गुरुग्राम पुलिस कमिश्नर से इसकी आधिकारिक शिकायत की, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई.
पुलिस की कड़ी कार्रवाई, कोर्ट ने भेजा जेल
सेक्टर-65 थाने के एसएचओ रामवीर ने इस पूरे घटनाक्रम पर जानकारी देते हुए बताया कि लैब ओनर सचिन की शिकायत पर जब पुलिस ने गहराई से तकनीकी और कागजी जांच की, तो वर्षा द्वारा लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह झूठे और मनगढ़ंत पाए गए. इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उल्टा वर्षा के खिलाफ ही धोखाधड़ी और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया. वहीं, दूसरे पीड़ित संदीप की शिकायत पर धोखे से शादी करने, रंगदारी और दफ्तर पर अवैध कब्जा जमाने की धाराएं जोड़ी गईं. माननीय न्यायालय ने आरोपी महिला वर्षा को न्यायिक हिरासत में सीधे जेल भेज दिया है, और पुलिस अब इस पूरे ब्लैकमेलिंग सिंडिकेट के अन्य पहलुओं को खंगालने के लिए गहनता से छानबीन कर रही है.
No comments