“मैं जिंदा हूं”…17 घंटे बाद ‘उठी’ महिला! अंतिम संस्कार की तैयारी के बीच, बोलीं- मैं मरी नहीं हूं…जाने पूरा मामला

आगरा : आगरा के ट्रांस यमुना क्षेत्र की श्रीनगर कॉलोनी में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां 65 वर्षीय शीला देवी को अस्पताल में मृत घोषित किए जाने के करीब 17 घंटे बाद अचानक उनके शरीर में हलचल होने लगी। उस समय घर में अंतिम संस्कार की तैयारियां चल रही थीं।
परिजनों के मुताबिक, शीला देवी लीवर और सांस संबंधी बीमारी से पीड़ित थीं। उनका इलाज बरेली के एक निजी अस्पताल में चल रहा था, जहां बुधवार तड़के डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शाम को एंबुलेंस से उनका शव आगरा स्थित घर लेकर पहुंचे।
घर में अंतिम संस्कार की तैयारी के बीच रात करीब 8 बजे शीला देवी के शरीर में हरकत हुई। दामाद ने उन्हें छुआ तो उन्होंने उनका हाथ पकड़ लिया और कहा, “मुझे कहां लेकर जा रहे हो, मैं जिंदा हूं।” यह देखकर परिवार के लोग हैरान रह गए।
इसके बाद परिजन शीला देवी को तुरंत आगरा के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उन्हें आईसीयू में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। फिलहाल उनकी हालत पर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
No comments