‘मुझे घुमाने ले चलो दादा…’जिद ने ले ली 3 साल के मासूम देवांश की जान, ड्राइवर की लापरवाही ने छीनी सांसें

भिंड : मध्य प्रदेश के भिंड शहर से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। घर के इकलौते और लाडले 3 साल के मासूम देवांश की एक सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि देखने वालों की रूह कांप उठी। मासूम की मौत की खबर जैसे ही उसके घर पहुंची, वहां कोहराम मच गया और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने इस मामले में लापरवाही बरतने वाली कार को जब्त कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
कैसे हुआ यह खौफनाक हादसा?
मृतक बच्चे के दादा सुनील यादव ने बताया कि 3 साल का देवांश यादव उनसे बार-बार बाजार घूमने जाने की जिद कर रहा था। बच्चे की जिद के आगे झुकते हुए दादा उसे अपनी बाइक पर बैठाकर घर से करीब 5 किलोमीटर दूर भिंड के गोविंद नगर स्थित बाजार ले गए थे।
बाजार से वापस लौटते समय जब उनकी बाइक एनएच-719 के किनारे कुंवारी नदी पुल के पास पहुंची, तो वे एक ब्रेजा कार को ओवरटेक करने लगे। यह कार कथित तौर पर पूर्व बीजेपी महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सीमा शर्मा की बताई जा रही है। आरोप है कि चलती कार के ड्राइवर ने अचानक बिना देखे गाड़ी का दरवाजा खोल दिया। अचानक गेट खुलने से पीछे चल रही बाइक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक पर बैठा मासूम देवांश उछलकर सीधे सड़क पर जा गिरा।
डंपर के पहिए के नीचे आया मासूम, मौके पर ही मौत
देवांश के सड़क पर गिरते ही जब तक आसपास के लोग उसे संभाल पाते, तब तक भिंड की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित डंपर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। डंपर के पहिए के नीचे आने से मासूम देवांश की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि इस भीषण हादसे में उसके दादा सुनील यादव भी घायल हो गए। घटना के समय पूर्व बीजेपी महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष कार में मौजूद नहीं थीं, और पुलिस इस पहलू की भी गहराई से जांच कर रही है।
गुस्से में ग्रामीणों का हंगामा, वीडियो बना रहे युवक से मारपीट
घटना के तुरंत बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क पर जाम लगा दिया और जमकर हंगामा शुरू कर दिया। इसी हंगामे के दौरान घटनास्थल का वीडियो बना रहे एक युवक को भीड़ ने पकड़ लिया और उसके साथ जमकर मारपीट कर दी। इस मारपीट में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और गुस्साए लोगों ने उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने मौके से बीजेपी महिला मोर्चा लिखी उस कार को भी जब्त कर लिया है, जिसके दरवाजे की वजह से यह हादसा हुआ था।
घर का इकलौता चिराग बुझा, माता-पिता बेसुध
देवांश की इस अकाल मौत से उसके परिवार में मातम पसरा हुआ है। देवांश के पिता दुर्गेश यादव ट्रक ड्राइवर हैं और देवांश उनका इकलौता बेटा था। परिवार के सभी लोग उसे बहुत प्यार करते थे, लेकिन चंद सेकंड की लापरवाही ने हंसते-खेते परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में डंपर चालक तथा कार ड्राइवर की भूमिका की जांच की जा रही है।
No comments