इंदौर बैंककर्मी हत्याकांड: शादी के दबाव में प्रेमी ने गला घोंटा, पेट्रोल डालकर लगाई आग; गैस रिसाव का रचा षड्यंत्र

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में चर्चित पलक हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया है कि यह हादसा या आत्महत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या थी। पुलिस ने मामले में युवती के प्रेमी मयंक शाक्य को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, शादी को लेकर दोनों के बीच चल रहे विवाद ने इस वारदात का रूप ले लिया।
पुलिस के मुताबिक, 26 वर्षीय पलक केशव हरदा जिले की रहने वाली थी और इंदौर के खजराना थाना क्षेत्र स्थित तपेश्वरी बाग में किराए के मकान में रहती थी। वह एक निजी बैंक (आईसीआईसीआई बैंक) में कार्यरत थी। वहीं आरोपी मयंक शाक्य मध्य प्रदेश के डबरा का निवासी है। दोनों की पहचान वर्ष 2020 में सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई।
जांच में पता चला कि पलक पिछले कुछ समय से मयंक पर शादी करने का दबाव बना रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस का आरोप है कि एक विवाद के दौरान मयंक ने गला दबाकर पलक की हत्या कर दी।
वारदात के बाद आरोपी ने हत्या को हादसा या आत्महत्या साबित करने की कोशिश की। पुलिस के अनुसार, उसने शव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी और कमरे में गैस सिलेंडर की पाइप भी खोल दी, ताकि ऐसा लगे कि गैस रिसाव से आग लगने के कारण युवती की मौत हुई है।
हालांकि, घटनास्थल से मिले परिस्थितिजन्य साक्ष्यों और फोरेंसिक जांच में कई ऐसे तथ्य सामने आए, जिनसे हत्या की आशंका मजबूत हुई। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और आरोपी तक पहुंच गई।
पुलिस ने मयंक शाक्य को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि हत्या पहले से सुनियोजित थी या विवाद के दौरान अचानक हुई। इसके साथ ही मोबाइल चैट, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
No comments