‘फर्जी’ वेब सीरीज जैसी कहानी: नकली नोट से शराब खरीदने पहुंचा युवक, 500 के जाली नोटों के साथ पुलिस ने दबोचा


जानकारी के अनुसार, आरोपी अकलतरा स्थित देशी शराब दुकान में शराब खरीदने पहुंचा था। भुगतान के दौरान उसने 500 रुपये के नकली नोट दिए। नोटों पर संदेह होने पर दुकान के मैनेजर ने तत्काल अकलतरा थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। आरोपी की पहचान सत्येंद्र कुमार कुर्रे, निवासी दोमुहानी गांव, सारंगढ़ थाना क्षेत्र के रूप में हुई है।
रायपुर से लाया था नकली नोट
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह जाली नोट रायपुर से लेकर आया था। पुलिस ने उसके कब्जे से 500 रुपये के चार नकली नोट बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 180 के तहत मामला दर्ज किया है।
फिलहाल आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है। साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किसी जाली नोट गिरोह से जुड़ा है या नहीं और उसके साथ इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता तो नहीं है।
No comments