Recent Posts

Breaking News

हिमाचल पुलिस में कांस्टेबल भर्ती शुरू, 734 पदों के लिए आज से लिए जाएंगे ऑनलाइन आवेदन

हिमाचल प्रदेश में पुलिस विभाग में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग ने पुलिस कांस्टेबल के 734 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी कर दिया है। इनमें 491 पद पुरुष कांस्टेबल और 243 पद महिला कांस्टेबल के हैं। 

इन पदों के लिए 10 जुलाई से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी, जबकि आवेदन करने की अंतिम तिथि छह अगस्त है। निर्धारित तिथि के बाद आवेदन लिंक स्वत: बंद कर दिया जाएगा। भर्ती विज्ञापन के अनुसार पुलिस कांस्टेबल (पुरुष) के 491 पद तथा पुलिस कांस्टेबल (महिला) के 243 पद भरे जाएंगे।

पुरुष वर्ग के 491 पदों में सामान्य वर्ग, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, बीपीएल, होमगार्ड तथा वार्ड ऑफ फ्रीडम फाइटर्स सहित विभिन्न श्रेणियों के लिए आरक्षण का प्रावधान किया गया है। 

वहीं महिला वर्ग के 243 पदों में भी सामान्य, एससी, एसटी, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस, होमगार्ड, पूर्व सैनिकों के आश्रित, बीपीएल तथा वार्ड ऑफ फ्रीडम फाइटर्स श्रेणियों के लिए अलग-अलग पद आरक्षित किए गए हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन आवेदन के अलावा किसी अन्य माध्यम से भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे और उन्हें सीधे निरस्त कर दिया जाएगा। 

अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र भरते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, क्योंकि एक बार आवेदन अंतिम रूप से जमा होने के बाद उसमें किसी प्रकार का संशोधन नहीं किया जा सकेगा। आवश्यक शैक्षणिक योग्यता, पात्रता शर्तें, परीक्षा शुल्क और भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी आयोग द्वारा जारी विस्तृत विज्ञापन में उपलब्ध कराई गई है। सरकारी नौकरी की उम्मीद में बैठे युवाओं के लिए यह बड़ा मौका है।

No comments