साम्राज्य बने और गिरे, पर भारत इंडोनेशिया के रिश्ते कायम रहे, दोनों देशों के संबंधों पर बोले पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इंडोनेशिया दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने जकार्ता में कम्युनिटी इवेंट को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने एयरपोर्ट पर उन्हें रिसीव करने के लिए इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो का आभार जताया। इसके साथ ही जोरदार स्वागत के लिए प्रवोबो का शुक्रिया अदा किया। पीएम मोदी ने इस दौरान कहा कि इंडोनेशिया में भारतीय संस्कृति को लेकर जो प्रेम है,
इसकी एक झलक मुझे राष्ट्रपति भवन में भी दिखाई दी। यहां भारतीय गाना कुछ-कुछ होता है, बहुत लोकप्रिय है। आज मैंने प्रेजिडेंट प्रबोवो से इस पर कहा कि जब भारत-इंडोनेशिया साथ मिलकर चलते हैं तो कुछ कुछ से भी आगे बढक़र बहुत कुछ होता है। प्रधानमंत्री ने बताया कि प्रेजिडेंट प्रबोवो ने गर्व से कहा कि उनमें इंडियन डीएनए है।
उनके उस एक वाक्य से लाखों इंडियन दिल जीत लिए। उन्होंने कहा कि ये डीएनए म्यूचुअल ट्रस्ट से बना है, साझी विरासत से बना है, साझा स्मृतियों से बना है. भारत और इंडोनेशिया का रिश्ता सभ्यताओं का है, सागर का है। भारत और इंडोनेशिया के रिश्तों पर बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देशों के बीच सभ्यताओं का रिश्ता है। उन्होंने कहा कि साम्राज्य बने और गिरे और दुनिया की राजनीति बदली, लेकिन भारत और इंडोनेशिया के बीच ये रिश्ता हमेशा बना रहा। यही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। पीएम मोदी ने कहा कि इंडोनेशिया हो या भारत… हम दोनों ही देश विकास के लिए अधीर हैं।
मैंने आपको फॉलो किया, आपके कार्यक्रमों की नकल की
इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सम्मान में आयोजित भोज के दौरान भारत के विकास मॉडल की खुलकर प्रशंसा की। हल्के-फुल्के माहौल में प्रबोवो ने पीएम मोदी को लेकर कहा कि मैं आपके करियर को फॉलो करता हूं और आपके कई कार्यक्रमों को कॉपी किया है। मुझे इसमें कोई संकोच नहीं है, क्योंकि यह सैकड़ों लाख लोगों के लिए सफल साबित हुआ है।
हमारा बैकग्राउंड एक समान है। हमारी समस्याएं भी लगभग एक जैसी हैं- बड़ी आबादी, कृषि आधारित अर्थव्यवस्था, प्राकृतिक आपदाओं का सामना। फिर भी भारत ने बहुत प्रगति की है। इसलिए मैं खुलकर कहता हूं कि मैंने आपके कार्यक्रमों को अपनाया है। इन अपनाए गए कार्यक्रमों से उनके देश में सकारात्मक नतीजे दिख रहे हैं। उन्होंने कहा, यह हमारे लिए सफल साबित हो रहा है। इसलिए बहुत-बहुत धन्यवाद।
No comments