पाकिस्तान से दर्जनों कॉल आने से युवक परेशान, साइबर हेल्पलाइन भी नहीं कर सकी मदद

Gondlamau,Sitapur : संदना थाना क्षेत्र के गोडियनपुरवा गांव निवासी गोविंद प्रसाद विदेशी नंबरों से लगातार आ रही कॉल और व्हाट्सएप संदेशों से परेशान हैं। उन्होंने बताया कि बीते बुधवार से उनके मोबाइल फोन पर पाकिस्तान से जुड़े नंबरों से दर्जनों व्हाट्सएप कॉल और संदेश प्राप्त हुए हैं, जिससे उनका परिवार चिंतित है।
गोविंद प्रसाद ने इन कॉलों के संबंध में स्थानीय पुलिसकर्मी गौरव से संपर्क किया। गौरव ने उन्हें साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। गोविंद ने 1930 पर फोन कर पूरी जानकारी दी, लेकिन उनका आरोप है कि हेल्पलाइन की ओर से उन्हें एक मोबाइल ऐप डाउनलोड करने के लिए कहा गया और कोई ठोस समाधान नहीं मिला, जिससे उनकी चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि विदेशी नंबरों से आने वाली ये कॉल और संदेश साइबर ठगी या अन्य आपराधिक गतिविधियों का हिस्सा हो सकते हैं। ऐसे मामलों में लोगों को अत्यधिक सावधानी बरतने की आवश्यकता है। गोविंद प्रसाद ने प्रशासन और साइबर सेल से इस मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। विशेषज्ञों के अनुसार, किसी भी अनजान विदेशी नंबर से आई कॉल, लिंक या संदेश पर प्रतिक्रिया देने से बचना चाहिए। संदिग्ध नंबरों को तुरंत ब्लॉक कर संबंधित एजेंसियों को इसकी सूचना देनी चाहिए।
इस संबंध में क्षेत्रीय दरोगा मुकेश सिंह से बात करने पर उन्होंने बताया कि उन्हें इस विषय में कोई जानकारी नहीं है। वहीं, सिपाही गौरव ने पुष्टि की कि गोविंद प्रसाद का फोन उनके पास आया था और उन्होंने ही उन्हें साइबर हेल्पलाइन पर फोन करने की सलाह दी थी।
No comments