UP Cabinet Meeting : यूपी की बेटियों को योगी सरकार का तोहफा…रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना पर लगी मुहर, 50 हजार छात्राओं को मिलेगा लाभ

UP Cabinet Meeting : उत्तर प्रदेश सरकार ने छात्राओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को कालीदास मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास पर हुई कैबिनेट बैठक में इस योजना समेत 16 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई।
कैबिनेट बैठक में आधारभूत ढांचे के विस्तार, महिला सशक्तिकरण और उच्च शिक्षा से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए। उच्च शिक्षा विभाग के तीन प्रमुख प्रस्तावों में रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना, शोध पीठ की स्थापना और महिला छात्रावास निर्माण शामिल हैं।
50 हजार छात्राओं को मिलेगा लाभ
रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के तहत प्रदेश के सभी प्रकार के कॉलेजों की स्नातक अंतिम वर्ष की टॉप-5 छात्राओं को स्कूटी दी जाएगी। योजना के लिए सरकार ने 400 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है। अनुमान के मुताबिक, इससे करीब 50 हजार छात्राओं को लाभ मिलेगा।
प्रदेश सरकार छात्राओं को पेट्रोल से चलने वाली स्कूटी के साथ पंजीकरण शुल्क, बीमा, आईएसआई मार्क हेलमेट, जरूरी एक्सेसरीज और पांच लीटर पेट्रोल भी उपलब्ध कराएगी। स्कूटी की खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए इसे गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM) पोर्टल के माध्यम से खरीदा जाएगा।
12 लाख रुपये से कम आय वाले परिवारों की छात्राएं होंगी पात्र
योजना का लाभ लेने के लिए छात्राओं के अभिभावकों की वार्षिक आय 12 लाख रुपये से कम होनी चाहिए। सामान्य वर्ग की छात्राओं के लिए स्नातक अंतिम वर्ष में कॉलेज की टॉप-5 सूची में शामिल होना अनिवार्य होगा।
वहीं, दिव्यांग, शहीद और निराश्रित परिवारों की छात्राओं को योजना में विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। इन श्रेणियों की छात्राओं के लिए केवल स्नातक उत्तीर्ण होना ही पात्रता का आधार रखा गया है।
सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य छात्राओं को उच्च शिक्षा के दौरान बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के साथ शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।
No comments