‘नियुक्ति दो या जवाब दो’… 34 दिन से सचिवालय के बाहर डटे LPST रैंक होल्डर्स, घास खाकर किया प्रदर्शन

तिरुवनंतपुरम : केरल सचिवालय के बाहर लोअर प्राइमरी स्कूल टीचर (LPST) रैंक होल्डर्स का नियुक्ति आदेश जारी करने की मांग को लेकर चल रहा प्रदर्शन शनिवार को 34वें दिन भी जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के प्रति नाराजगी जताने के लिए प्रतीकात्मक रूप से घास खाकर विरोध किया। उनका आरोप है कि केरल लोक सेवा आयोग (PSC) की रैंक लिस्ट में जगह बनाने के बावजूद उन्हें अब तक नियुक्ति आदेश नहीं दिया गया है।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे लंबे समय से नियुक्ति का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है। एक प्रदर्शनकारी ने कहा कि कई तरह से विरोध करने के बावजूद सरकार उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं कर रही है। प्रदर्शनकारियों के मुताबिक, सरकार ने दो महीने का समय मांगा था, लेकिन उन्हें यह समझ नहीं आ रहा कि नियुक्ति प्रक्रिया के लिए इतना समय क्यों लिया जा रहा है।
PSC परीक्षा में अनियमितताओं की भी जांच
नियुक्ति विवाद के बीच केरल PSC की कुछ परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच भी शुरू की गई है। केरल गृह विभाग ने मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी है। इसके लिए पुलिस महानिरीक्षक (IGP) एस. अजीता बेगम की अध्यक्षता में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है।
पुलिस के आदेश के अनुसार, SIT को PSC द्वारा आयोजित परीक्षाओं में सामने आए अनियमितताओं के आरोपों की व्यापक जांच करने की जिम्मेदारी दी गई है। सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द जांच पूरी करने पर जोर दिया है।
BJYM के मार्च पर पुलिस ने किया वॉटर कैनन का इस्तेमाल
LPST रैंक होल्डर्स के प्रदर्शन के समर्थन में भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के कार्यकर्ताओं ने भी सचिवालय की ओर मार्च किया। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच LPST रैंक होल्डर्स अपनी नियुक्ति की मांग पर अब भी डटे हुए हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक नियुक्ति आदेश जारी नहीं होते, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
No comments