Recent Posts

Breaking News

युवती से मिलने गए प्रेमी को पिता और मामा ने लाठियों से पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट, तीन आरोपी गिरफ्तार

छतरपुर : मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से प्रेम प्रसंग के चलते एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां गौरिहार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम घटरा में एक युवक की लाठियों से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी गई। आरोप है कि युवती के साथ प्रेम संबंध से नाराज होकर उसके पिता, मामा और उनके साथियों ने इस खूनी खेल को अंजाम दिया। सनसनीखेज वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।

माल पहाड़ी के पास हुआ जानलेवा हमला

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान अरविंद कुशवाहा के रूप में हुई है। घटना वाले दिन अरविंद जब ग्राम घटरा के पास स्थित माल पहाड़ी क्षेत्र से गुजर रहा था, तभी पुरानी रंजिश और प्रेम प्रसंग से बौखलाए आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से उसका रास्ता रोक लिया। इससे पहले कि अरविंद कुछ समझ पाता, आरोपियों ने उस पर लाठियों और डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने उसे तब तक पीटा जब तक वह बेसुध होकर लहूलुहान हालत में जमीन पर नहीं गिर गया। दिनदहाड़े हुई इस मारपीट से इलाके में दहशत फैल गई।

अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम, बीएनएस के तहत हत्या की धारा बढ़ी

घटना के तुरंत बाद गंभीर रूप से घायल अरविंद को आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी जान बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने और गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। शुरुआत में इस मामले में सिर्फ मारपीट की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था, लेकिन युवक की मौत की दुखद खबर मिलते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया।

एसपी के निर्देश पर ताबड़तोड़ दबिश, तीन आरोपी गिरफ्तार

हत्याकांड की अत्यधिक संवेदनशीलता को भांपते हुए छतरपुर पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के कड़े निर्देश दिए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले और एसडीओपी लवकुश नगर नवीन दुबे के मार्गदर्शन में गौरिहार थाना प्रभारी निरीक्षक आरएन पटेरिया तथा पहरा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक देवेंद्र यादव की संयुक्त टीम ने संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस की इस मुस्तैद कार्रवाई के चलते रामदीन कुशवाहा निवासी घटरा, पूरन कुशवाहा निवासी बारीगढ़ और ओमप्रकाश कुशवाहा निवासी बारीगढ़ को धर दबोचा गया।

डंडे, बाइक और मोबाइल बरामद, आरोपियों को भेजा गया जेल

पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किए गए दो मुख्य डंडे, मृतक की मोटरसाइकिल व उसका मोबाइल फोन इसके अलावा दो अन्य मोटरसाइकिलें और चार अतिरिक्त मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पुलिस ने सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। गौरिहार थाना प्रभारी आरएन पटेरिया ने बताया कि इस खूनी संघर्ष में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

No comments