Recent Posts

Breaking News

9 वर्षीय मासूम की पीट-पीटकर हत्या, रास्ते में घेरकर 8-9 हमलावरों ने किया हमला; मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत

Jagdishpur, Gorakhpur ; पिपराइच थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव में शनिवार रात हुई मारपीट की घटना में चौथी कक्षा के 9 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, माधोपुर निवासी राजू सिंह की बेला गांव में पान की दुकान है। उनके साढ़ू अरविंद का 9 वर्षीय पुत्र सरस सिंह अपनी मां के निधन के बाद मौसी के घर रहकर पढ़ाई कर रहा था। वह स्थानीय एमडी पब्लिक स्कूल में कक्षा चार का छात्र था।

शनिवार रात करीब 8:15 बजे सरस अपने 15 वर्षीय मौसेरे भाई शिवकुमार के साथ खाना खाने के बाद मौसा की दुकान पर जा रहा था। आरोप है कि घर से लगभग 500 मीटर दूर पहले से घात लगाए बैठे 8-9 युवकों ने दोनों को घेर लिया और लाठी-डंडों तथा ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में सरस के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जबकि शिवकुमार भी गंभीर रूप से घायल हो गया।

परिजनों के अनुसार, शोर सुनकर जब वे मौके पर पहुंचे और घायलों को लेकर थाने की ओर जा रहे थे, तभी आरोपियों ने दोबारा हमला कर पथराव किया। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

रविवार सुबह इलाज के दौरान सरस सिंह की मौत हो गई, जबकि शिवकुमार का इलाज मेडिकल कॉलेज में जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतक के मौसा राजू सिंह ने आरोप लगाया कि पहले से चल रहे विवाद की जानकारी पुलिस को थी, लेकिन समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि यदि पुलिस पहले ही सख्ती बरतती तो यह घटना टाली जा सकती थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पिपराइच थाना प्रभारी विवेक त्रिवेदी को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। उनकी जगह झंगहा थाना प्रभारी अनुप सिंह को पिपराइच का नया थाना प्रभारी बनाया गया है।

क्षेत्राधिकारी कुंदन कुमार सिंह ने बताया कि माधोपुर गांव में हुई मारपीट की घटना में घायल बालक की इलाज के दौरान मृत्यु हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।

No comments