कबड्डी खिलाड़ी शीलू बल्हारा की पत्नी की मौत: दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज, पति समेत चार पर एफआईआर

रोहतक। अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी शीलू उर्फ टिंकू बल्हारा की पत्नी मुस्कान बल्हारा की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतका के पिता सुखबीर की शिकायत पर पुलिस ने पति शीलू, ससुर सुरेंद्र, सास निशा और देवर मनीष के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और दहेज मृत्यु सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, आरोपी पक्ष ने सभी आरोपों को निराधार बताया है।
महम चौबीसी के फरमाणा गांव निवासी सुखबीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी मुस्कान की शादी दिसंबर 2023 में बहुअकबरपुर निवासी शीलू बल्हारा से हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष ने दहेज को लेकर प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। परिवार के लोग मुस्कान को ताने देते थे कि वह अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी के स्तर की नहीं है और कम दहेज लाई है। शिकायत में यह भी कहा गया कि कई मांगें पूरी करने के लिए परिवार को कर्ज तक लेना पड़ा, लेकिन इसके बावजूद प्रताड़ना बंद नहीं हुई।
अवैध संबंधों का भी लगाया आरोप
सुखबीर का आरोप है कि मुस्कान को अपने पति के अन्य महिलाओं से कथित संबंधों की जानकारी मिल गई थी और उसके पास इससे जुड़े कुछ सबूत भी थे। उनका कहना है कि इसी के बाद मुस्कान को धमकियां दी जाने लगीं और उसे यह बातें किसी से साझा न करने की चेतावनी दी जाती थी। शिकायत के अनुसार, पति-पत्नी के बीच इसी मुद्दे को लेकर अक्सर विवाद होता था और मुस्कान कई बार मायके आकर रहने लगी थी। वहीं, आरोपी पक्ष ने इन आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया है।
“अगर बेटी को वापस न भेजता तो आज जिंदा होती”
मृतका के पिता ने पुलिस को बताया कि करीब 15 दिन पहले मुस्कान नाराज होकर मायके आ गई थी। उस समय उन्होंने समझाकर उसे दोबारा ससुराल भेज दिया था। अब उन्हें इस फैसले का पछतावा है। सुखबीर के अनुसार, घटना वाले दिन मुस्कान ने फोन कर बताया था कि ससुराल पक्ष उसके खिलाफ साजिश रच रहा है। बाद में जब उससे संपर्क नहीं हो सका तो वह परिवार के साथ बहुअकबरपुर पहुंचे। वहां पुलिस मौजूद थी और घर के भीतर मुस्कान का शव चारपाई पर मिला।
सुखबीर ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या की गई है। उनकी शिकायत पर पुलिस ने पति शीलू उर्फ टिंकू, ससुर सुरेंद्र, सास निशा और देवर मनीष के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 80 (दहेज मृत्यु) तथा धारा 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज की है।
थाना बहुअकबरपुर के प्रभारी निरीक्षक जसबीर सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम कराया जा चुका है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। आरोपियों से पूछताछ की जाएगी। फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
No comments