Recent Posts

Breaking News

गोरी हैं कलाइयां, पहना दे मुझे हरी-हरी चूडिय़ां… सावन में बदला महिलाओं का फैशन ट्रेंड


सावन महीने में प्रदेशभर के बाजारों में चूडिय़ों की खरीददारी अपने चरम पर पहुंच जाती है। वर्ष 2026 में महिलाओं और युवतियों की पसंद पहले की तुलना में काफी बदल गई है। जहां कुछ साल पहले केवल साधारण हरी कांच की चूडिय़ां ही सावन की पहचान मानी जाती थीं, वहीं इस बार ट्रेडिशनल और मॉडर्न स्टाइल का मिश्रण सबसे बड़ा फैशन ट्रेंड बनकर उभरा है। 

सोशल मीडिया, इंस्टाग्राम रील्स और सेलिब्रिटी फैशन का असर साफ दिखाई दे रहा है। युवतियां अब साउथ इंडियन ग्लास बैंगल्स, कुंदन, मोती, मीनाकारी, ऑक्सीडाइज्ड कड़े और पेस्टल रंगों की चूडिय़ों को एथनिक व इंडो-वेस्टर्न दोनों तरह की ड्रेस के साथ पहनना पसंद कर रही हैं, वहीं विवाहित महिलाओं में हरी कांच की चूडिय़ों के साथ गोल्डन, पर्ल और लाल रंग के कॉम्बिनेशन वाले सेट की मांग सबसे अधिक है। 

स्थानीय बाजारों में इन दिनों चूड़ी की दुकानों पर सुबह से शाम तक महिलाओं की भीड़ देखने को मिल रही है। दुकानदारों के अनुसार इस बार सबसे अधिक बिक्री हरी कांच की चूडिय़ों, कुंदन बैंगल्स, लाख की चूडिय़ों और डिजाइनर ग्लास सेट की हो रही है। कॉलेज जाने वाली लड़कियां हल्के वजन की पेस्टल ग्लास चूडिय़ां, घुंघरू वाले बैंगल्स और ऑक्सीडाइज्ड कड़ों के साथ मिक्स-एंड-मैच स्टाइल अपना रही हैं। 

शादीशुदा महिलाएं पूजा, तीज और सावन के विशेष अवसरों के लिए पारंपरिक हरे रंग के सेट खरीद रही हैं। कश्मीरी स्टाइल और लेयर्ड ग्लास बैंगल्स का ट्रेंड भी तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। कीमतों की बात करें तो साधारण कांच की चूडिय़ां 60 से 150 रुपए प्रति दर्जन तक मिल रही हैं। डिजाइनर ग्लास बैंगल्स 200 से 500 रुपए प्रति सेट, लाख की चूडिय़ां 300 से 800 रुपए, कुंदन और स्टोन वर्क वाले सेट 500 से 1,500 रुपए क बिक रहे हैं, वहीं ऑक्सीडाइज्ड कड़े और फैशन बैंगल्स 250 से 700 की रेंज में उपलब्ध हैं। दुकानदारों का कहना है कि सावन, तीज और रक्षाबंधन के कारण इस बार पिछले वर्ष की तुलना में बिक्री में अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। ग्राहकों की मांग को देखते हुए रोजाना नए डिजाइन मंगवाए जा रहे हैं।

बकौल फैशन स्टाइलिस्ट निकिता गुप्ता

सोलन में फैशन स्टाइलिस्ट निकिता गुप्ता ने बताया कि वर्ष 2026 का सबसे बड़ा ट्रेंड ट्रेडिशनल विद मॉडर्न टच है। महिलाएं अब केवल परंपरा निभाने के लिए नहीं, बल्कि फैशन स्टेटमेंट के रूप में भी चूडिय़ां पहन रही हैं। यही कारण है कि इस सावन हरी कांच की चूडिय़ों के साथ कुंदन, पर्ल और मेटल बैंगल्स का कॉम्बिनेशन बाजार में सबसे ज्यादा पसंद किया जा रहा है और आने वाले त्योहारों तक इसकी मांग बनी रहने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि सावन के दौरान सोने और चांदी के कंगनों की मांग भी बढ़ गई है। महिलाएं हल्के वजन के गोल्ड कंगन और सिल्वर बैंगल्स पसंद कर रही हैं। त्योहारी सीजन को देखते हुए नए डिजाइनों की अच्छी बिक्री हो रही है।

अंजलि, निशा, ज्योति…का कहना है

बाजार में खरीदारी करने पहुंचीं पूजा, नेहा, प्रिया, काजल, रितु, अर्शिया, अंजलि, निशा, ज्योति और शालिनी ने बताया कि सावन के महीने में नई चूडिय़ां पहनना शुभ माना जाता है, इसलिए वे हर साल इस अवसर पर खरीदारी करने जरूर आती हैं। उन्होंने कहा कि इस बार बाजार में हरी कांच की चूडिय़ों के साथ कुंदन, मीनाकारी, मोती और डिजाइनर बैंगल्स की शानदार वैरायटी उपलब्ध है। नए रंगों और आधुनिक डिजाइनों ने उनकी खरीदारी को और भी खास बना दिया है। महिलाओं का कहना है कि पारंपरिक लुक के साथ ट्रेंडी चूडिय़ां पहनना उन्हें बेहद पसंद आ रहा है और सावन के त्योहार के लिए उन्होंने अपनी पसंद के कई सेट खरीदे हैं।

No comments