पंजाब के तीन कांवड़ियों की मौत : सरहिंद में तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, एक गंभीर घायल

कोटकपूरा : सरहिंद जीटी रोड पर दादा मोटर के पास बीती रात करीब सवा दो बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गंगोत्री (उत्तराखंड) से पवित्र गंगाजल लेकर कोटकपूरा लौट रहे कांवड़ियों को तेज रफ्तार कार ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में तीन कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि एक कांवड़िया गंभीर रूप से घायल हो गया।
तीनों मृतक पंजाब के फरीदकोट जिले के रहने वाले थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
तेज रफ्तार कार ने पीछे से मारी जोरदार टक्कर
मौके पर मौजूद स्थानिय के अनुसार, बीती रात करीब दो बजे छह कांवड़िए सरहिंद जीटी रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान आगे चल रहे चार कांवड़ियों को पीछे से तेज रफ्तार में आई एक कार ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीन कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, एक अन्य कांवड़िया गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे में घायल कांवड़िए की पहचान मुकेश कुमार के रूप में हुई है। मृतकों की पहचान महेंद्रपाल, दीपक और जगदीश मित्तल के रूप में हुई है। तीनों फरीदकोट जिले के रहने वाले थे।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाना शुरू किया। थाना सरहिंद के सहायक थानेदार तिलक राज ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस घटना से संबंधित सभी तथ्यों को जुटा रही है।
परिवार का एकमात्र सहारा था महेंद्र पाल
हादसे में जान गंवाने वाले महेंद्र पाल अपने परिवार का एकमात्र सहारा थे। वह बिजली मैकेनिक का काम करते थे। उनके परिवार में पिता, पत्नी और 15 वर्षीय बेटी हैं।
दूसरे मृतक जगदीश मित्तल घर में अकेले रहते थे और अविवाहित थे। उनके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था।
तीसरे मृतक दीपक कुमार तलाकशुदा थे। उनके परिवार में माता-पिता, भाई और भाभी रहते हैं।
सरकार से आर्थिक मदद की मांग
हादसे पर कोटकपूरा के पार्षद ऐरन जोशी ने दुख जताया। उन्होंने कहा कि हर साल शहर से कई नौजवान गंगोत्री और हरिद्वार से कांवड़ लाने के लिए जाते हैं। ऐसे में तीन कांवड़ियों की सड़क हादसे में मौत बेहद दुखद है।
पार्षद ने हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही उन्होंने सरकार से मृतकों के परिवारों को आर्थिक मदद देने की भी अपील की।
No comments