पहाड़ों में शादी से पहले यादगार पल, प्री-वेडिंग शूट के लिए हिमाचल की खूबसूरत वादियां नंबर वन

शादी का मौका हर किसी के जीवन में बेहद खास होता है। शादी की तैयारियों के साथ अब प्री-वेडिंग शूट भी युवाओं के लिए आकर्षण का केंद्र बन चुका है। पहले प्री-वेडिंग शूट के लिए कश्मीर, डलहौजी और नैनीताल जैसे पर्यटन स्थलों का रुख करने वाले युवक-युवतियां अब हिमाचल प्रदेश की खूबसूरत वादियों में भी अपने खास पलों को कैमरे में कैद करवा रहे हैं।
प्रदेश के सोलन, शिमला, सिरमौर, कांगड़ा, कुल्लू-मनाली, चंबा और लाहौल-स्पीति सहित कई जिलों में प्री-वेडिंग शूट का चलन तेजी से बढ़ रहा है। पहाड़ों की हरियाली, देवदार के जंगल, झरने, नदियां, प्राकृतिक रास्ते, ऐतिहासिक स्थल और शांत वातावरण कपल्स को शूट के लिए आकर्षित कर रहे हैं।
खासकर ऐसे युवक-युवतियां, जो अपने प्री-वेडिंग शूट को सामान्य से अलग और प्राकृतिक अंदाज में करवाना चाहते हैं, वे हिमाचल की विभिन्न लोकेशन का रुख कर रहे हैं। सोशल मीडिया के दौर में प्री-वेडिंग शूट का क्रेज लगातार बढ़ रहा है। युवक-युवतियां शादी से पहले के पलों को तस्वीरों के साथ-साथ वीडियो और रील के माध्यम से भी यादगार बना रहे हैं।
फोटोग्राफी से जुड़े लोगों के अनुसार आजकल कपल्स ऐसी लोकेशन पसंद कर रहे हैं, जहां एक ही क्षेत्र में अलग-अलग तरह के प्राकृतिक बैकग्राउंड उपलब्ध हों। प्रदेश में पहाड़, जंगल, नदी-नाले, खुले मैदान और पारंपरिक ग्रामीण परिवेश आसानी से मिल जाता है, जिसके चलते फोटो और वीडियो शूट में काफी विविधता देखने को मिलती है।
यहां के खूबसूरती बेजोड़
जिला सोलन और शिमला के आसपास के पर्यटन क्षेत्रों में भी प्री-वेडिंग शूट करवाने वाले कपल्स की संख्या में बढ़ोतरी हुई है, वहीं सिरमौर और कांगड़ा के प्राकृतिक स्थल भी युवाओं को आकर्षित कर रहे हैं। लाहुल-स्पीति की अलग भौगोलिक परिस्थितियां और खूबसूरत पहाड़ी दृश्य उन कपल्स को पसंद आ रहे हैं, जो अपने शूट में कुछ नया दिखाना चाहते हैं। कई स्थानीय फोटोग्राफर अब प्री-वेडिंग शूट के लिए विशेष पैकेज भी उपलब्ध करवा रहे हैं, जिसमें फोटो, वीडियो और सिनेमैटिक शूट शामिल किए जा रहे हैं।
पर्यटन कारोबार को भी लगे पंख
प्री-वेडिंग शूट के बढ़ते चलन से फोटोग्राफी कारोबार के साथ-साथ स्थानीय होटल, होमस्टे, मेकअप आर्टिस्ट, ड्रेस डिजाइनर और पर्यटन से जुड़े अन्य कारोबार को भी फायदा मिल रहा है। कई कपल्स शूट के लिए दो से तीन दिन तक हिमाचल में रुकते हैं, जिससे स्थानीय पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल रहा है। फोटोग्राफी से जुड़े लोगों का कहना है कि आने वाले समय में प्रदेश के अलग-अलग पर्यटन स्थलों पर प्री-वेडिंग शूट की मांग और बढ़ सकती है।
फोटोग्राफर के अनुसार बदल रही युवाओं की पसंद
फोटोग्राफी से जुड़े लोगों का कहना है कि युवाओं में अब प्री-वेडिंग शूट को लेकर काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। कपल्स केवल सामान्य फोटो खिंचवाने के बजाय पूरी थीम के साथ शूट करवाना पसंद कर रहे हैं। इसके लिए पारंपरिक परिधानों से लेकर वेस्टर्न आउटफिट तक का इस्तेमाल किया जा रहा है। प्राकृतिक लोकेशन, पहाड़ी रास्ते, जंगल, झरने और सूर्यास्त जैसे दृश्य शूट को खास बना रहे हैं। सोशल मीडिया पर साझा करने के लिए छोटी वीडियो रील और सिनेमैटिक वीडियो की मांग भी बढ़ी है। इसके चलते प्रदेश में फोटोग्राफी से जुड़े युवाओं के लिए रोजगार और कारोबार के नए अवसर भी तैयार हो रहे हैं।
No comments