Recent Posts

Breaking News

बगहा में पूर्व प्रमुख छोटेलाल यादव हत्याकांड का खुलासा, पत्नी को आपत्तिजनक हालत में देख पति ने कर दी हत्या

बगहा में पूर्व प्रमुख छोटेलाल यादव के हत्याकांड में पुलिस ने रविन्द्र यादव को गिरफ्तार किया है और वारदात में इस्तेमाल लाठी बरामद की है।

बगहा छोटेलाल यादव हत्याकांड- India TV Hindi

बिहार के बगहा के भितहा थाना क्षेत्र में गंडक नदी के पास बरामद छोटेलाल यादव के शव को लेकर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने हत्याकांड में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रविन्द्र यादव (करीब 45 वर्ष), निवासी मुराडीह टांड़ के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई एक लाठी भी बरामद की है।

पुलिस को रविन्द्र यादव की भूमिका लगी थीं संदिग्ध 

जानकारी के अनुसार, 113 अगस्त को भितहा थाना कांड संख्या 134/26 के तहत धारा 103(1)/238 बीएनएस में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। गंडक नदी के छाड़न के पानी से शव मिलने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। घटना के शीघ्र खुलासे के लिए एसपी बगहा के निर्देश पर एसडीपीओ बगहा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मामले की जांच के दौरान घटनास्थल से मिले सुरागों के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई। इसके बाद संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई। अनुसंधान और पूछताछ के आधार पर पुलिस को रविन्द्र यादव की भूमिका संदिग्ध लगी, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

आरोपी ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की

पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने छोटेलाल यादव को अपनी पत्नी के साथ कथित तौर पर आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इसके बाद गुस्से में आकर आरोपी ने छोटेलाल यादव पर लाठी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने कथित तौर पर शव को गंडक नदी के छाड़न के पानी में फेंक दिया था।

पुलिस कर रही है आगे की कार्रवाई

फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना में आरोपी के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं। मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 

No comments