Recent Posts

Breaking News

'उन दोनों ने मुझे कहीं नहीं छोड़ा, मेरी पत्नी के साथ...', प्यारे लाल ने वीडियो बनाया, नोट लिखा और दे दी जान

'उन दोनों ने मुझे कहीं नहीं छोड़ा, मेरी पत्नी के साथ...', प्यारे लाल ने वीडियो बनाया, नोट लिखा और दे दी जान


Narsinghpur News: नरसिंहपुर के पाठक वार्ड में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां रहने वाले प्यारे लाल कुशवाहा ने अपने घर में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली.

आत्महत्या करने से पहले प्यारे लाल ने एक वीडियो बनाया था. उन्होंने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है. इन दोनों में उन्होंने अपनी मौत के लिए दो लोगों को जिम्मेदार ठहराया है.

आरोपियों के नाम रवि कुशवाहा और अमित कुशवाहा हैं. रवि प्यारे लाल के छोटे मामा का बेटा है. अमित उनके बड़े मामा का बेटा है और पेशे से वकील है. प्यारे लाल का आरोप है कि इन दोनों ने मिलकर उनका हंसता-खेलता परिवार पूरी तरह से उजाड़ दिया. उन्होंने उन्हें ऐसी स्थिति में खड़ा कर दिया कि उनके पास आत्महत्या करने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा.

अस्पलात में मृत घोषित
रविवार शाम करीब 7 बजे उस समय सनसनी फैल गई, जब प्यारे लाल कुशवाहा के घर का दरवाजा काफी देर तक नहीं खुला. प्यारे लाल के भाई माखन लाल को किसी अनहोनी की आशंका हुई. इसके बाद पड़ताल की गई तो घर के अंदर प्यारे लाल फंदे पर झूलते दिखे. घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. प्यारे लाल को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया. हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की.

वीडियो में लगाए संगीन आरोप
सुसाइड से पहले बनाए गए वीडियो में प्यारे लाल ने रवि कुशवाह और अमित कुशवाह पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. मृतक का आरोप है कि इन दोनों की वजह से उसका परिवार पूरी तरह बिखर गया. वीडियो में प्यारे लाल ने अपनी पत्नी को लेकर भी दावा किया है. उसका आरोप है कि रवि ने उनकी पत्नी को कथित तौर पर अपने प्रेमजाल में फंसाया. पत्नी के साथ एक रेप किया और आपत्तिजनक वीडियो व तस्वीरें बनाईं. वहीं, दूसरे आरोपी अमित पर इस पूरे मामले में रवि का साथ देने का आरोप लगाया गया है. प्यारे लाल ने मरने से पहले कलेक्टर और मुख्यमंत्री से इन दोनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

सुसाइड नोट में बच्चों के लिए आखिरी इच्छा
प्यारे लाल ने केवल वीडियो ही नहीं बनाया, बल्कि एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है. इस सुसाइड नोट में उसने अपनी आखिरी इच्छा लिखी है. सुसाइड नोट के मुताबिक, प्यारे लाल ने अपनी संपत्ति, नकदी और गहनों पर अपने बच्चों सक्षम और भूमि का हक बताया है.

पुलिस कर रही है जांच
इस सनसनीखेज मामले में अब पुलिस की जांच शुरू हो चुकी है. कोतवाली थाना प्रभारी गौरव चाटे के मुताबिक, पुलिस ने मौके से वीडियो, सुसाइड नोट और मोबाइल फोन को अपने कब्जे में ले लिया है. सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों की बारीकी से जांच की जा रही है. प्यारे लाल की मौत से जुड़े सभी सवालों के जवाब अब पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे.

No comments