क्लीनिक के कमरे में चुनरी से लटका मिला महिला डॉक्टर का शव, शादी के कुछ महीनों बाद ही पति से चल रहा था विवाद

Meerut : पल्लवपुरम थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रॉयल पार्क एक्सटेंशन की रहने वाली 26 वर्षीय महिला चिकित्सक डॉ. खुशहाली का शव उनके ही क्लीनिक के एक कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में पंखे से चुनरी के सहारे लटका हुआ मिला। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और मातम का माहौल है। मृतका के परिजनों ने डॉक्टर के दोनों हाथ बंधे होने का दावा करते हुए उनकी हत्या की आशंका जताई है और मौत की परिस्थितियों पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी।
शादी के बाद से ही चल रहा था विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, डॉ. खुशहाली (पुत्री जगदेव सिंह) की शादी इसी साल 14 जनवरी 2026 को टीपीनगर के इरश गार्डन निवासी मयंक चौधरी के साथ ‘शादी डॉट कॉम’ के माध्यम से हुई थी। खुशहाली के पिता बीएसएफ में दरोगा हैं और वर्तमान में दिल्ली में तैनात हैं, जबकि उनका भाई सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय से पीएचडी कर रहा है। परिजनों ने बताया कि शादी के कुछ समय बाद ही पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया था, जिसके चलते खुशहाली अपने मायके में ही रह रही थीं। मायके में रहने के दौरान ही उन्होंने पल्लवपुरम फेस-दो की सर्विस रोड स्थित ‘आयुर्वेदा एंड नेचुरल सेंटर’ बिल्डिंग के प्रथम तल पर करीब चार महीने पहले अपना क्लीनिक शुरू किया था और वह वहीं प्रैक्टिस कर रही थीं।
सुबह क्लीनिक पहुंची थीं डॉक्टर, कर्मचारियों ने दी सूचना
परिजनों के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 6:15 बजे खुशहाली घर से अपने क्लीनिक के लिए निकली थीं। कुछ समय बाद क्लीनिक पर काम करने वाले कर्मचारियों ने परिजनों को फोन कर सूचना दी कि कमरे में उनका शव लटका हुआ है। यह खबर मिलते ही मायके पक्ष के पैरों तले जमीन खिसक गई और वे तुरंत मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर पल्लवपुरम पुलिस भी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर तमाम साक्ष्य जुटाए और घटनास्थल की बारीकी से जांच-पड़ताल की।
परिजनों ने उठाए गंभीर सवाल, पुलिस खंगाल रही है सीसीटीवी फुटेज
मृतका के तहेरे भाई अखिल ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जब उन्होंने शव देखा तो खुशहाली के दोनों हाथ बंधे हुए थे, जिससे यह मामला पूरी तरह संदिग्ध लग रहा है। पुलिस इस मामले में हत्या और आत्महत्या दोनों ही पहलुओं को ध्यान में रखकर गहराई से जांच कर रही है। पुलिस ने क्लीनिक के बाहर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। फुटेज की मदद से यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि रविवार सुबह डॉक्टर के क्लीनिक पहुंचने के बाद वहां कौन-कौन आया था और भीतर क्या घटनाक्रम हुआ।
पुलिस अधिकारियों का बयान
इस मामले पर सीओ दौराला शिव ठाकुर का कहना है कि पुलिस परिवार के लोगों और क्लीनिक से जुड़े कर्मचारियों से लगातार पूछताछ कर रही है। घटनास्थल की फोरेंसिक जांच कराई जा चुकी है और सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। पुलिस का यह भी कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा और उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
No comments