Recent Posts

Breaking News

रील बनाने निर्माणाधीन बिल्डिंग में पहुंचे युवक को गार्ड ने मारी गोली, मौत

Ghaziabad : गाजियाबाद के साहिबाबाद में एक निर्माणाधीन बिल्डिंग में रील बनाने पहुंचे युवक की गोली लगने से मौत का मामला सामने आया है। आरोप है कि सिक्योरिटी गार्ड ने युवक को चोर समझकर गोली चला दी। घटना 9 अगस्त की है। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी सिक्योरिटी गार्ड विवेक यादव को गिरफ्तार कर उसकी लाइसेंसी बंदूक कब्जे में ले ली है।

पुलिस के मुताबिक, मृतक युवक की पहचान समीर के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि समीर अपने दो साथियों के साथ साहिबाबाद थाना क्षेत्र स्थित निर्माणाधीन पार्श्वनाथ बिल्डिंग परिसर में रील बनाने के लिए पहुंचा था। वहां तैनात सिक्योरिटी गार्ड ने युवकों को अंदर जाने से रोकने की कोशिश की, लेकिन कथित तौर पर वे नहीं रुके।

इसके बाद सिक्योरिटी गार्ड ने अपनी लाइसेंसी सिंगल बैरल बंदूक से फायर कर दिया। गोली समीर के सीने के पास लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल इलाज के लिए एमएमजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

गार्ड का दावा- युवकों को कई बार अंदर जाने से रोका था

घटना की सूचना मिलते ही एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना समेत पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी सिक्योरिटी गार्ड को हिरासत में लेकर उसकी लाइसेंसी बंदूक भी कब्जे में ले ली है।

गार्ड का दावा है कि उसने समीर और उसके साथियों को कई बार निर्माणाधीन परिसर में प्रवेश करने से मना किया था, लेकिन वे उसकी बात नहीं मान रहे थे। गार्ड के मुताबिक, उसने हवाई फायर किया था, लेकिन गोली समीर को जा लगी। हालांकि, पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि फायर वास्तव में हवाई किया गया था या गोली सीधे युवक को लगी।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस के अनुसार, घटना के समय समीर के साथ मौजूद दोनों युवक मौके से फरार हो गए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की तस्वीर स्पष्ट हो सके। जिस स्थान पर घटना हुई, वहां लोहे का सरिया और अन्य निर्माण सामग्री भी रखी हुई थी।

समीर दो भाइयों में छोटा था। घटना के बाद उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई

पुलिस ने बताया कि गोली लगने के बाद समीर को तत्काल एमएमजी अस्पताल ले जाया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। आरोपी सिक्योरिटी गार्ड विवेक यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसका लाइसेंसी हथियार जब्त कर लिया गया है।

मृतक पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त कर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आखिर गोली किन परिस्थितियों में चली और युवक की मौत कैसे हुई।

No comments