मां की डांट से नाराज होकर घर से निकलीं दो मासूम बहनें, पुलिस खंगाल रही CCTV फुटेज

Kasganj : उत्तर प्रदेश के कासगंज जनपद स्थित लवकुश नगर स्टेट बैंक कॉलोनी से एक बेहद भावुक और चिंताजनक मामला सामने आया है। यहाँ रविवार दोपहर अपनी माँ की मामूली डांट से नाराज होकर दो सगी बहनें अचानक घर छोड़कर चली गईं। काफी देर तक जब मासूम बच्चियां वापस नहीं लौटीं, तो परिजनों के हाथ-पांव फूल गए। मामले की सूचना मिलते ही कासगंज कोतवाली पुलिस तुरंत हरकत में आ गई है और बच्चियों की तलाश में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्टेट बैंक कॉलोनी लवकुश नगर निवासी प्रतीक भारद्वाज पुत्र सुरेश भारद्वाज की दो मासूम बेटियां—तनीषा उर्फ प्रगति उम्र लगभग 12 वर्ष तथा कृषका उर्फ वैष्णवी उम्र लगभग 8 वर्ष रविवार दोपहर करीब 12:00 बजे अपनी मम्मी द्वारा डांटे जाने के बाद गुस्सा होकर चुपचाप घर से बाहर निकल गईं।
शुरुआत में परिजनों ने सोचा कि बच्चियां आसपास ही खेल रही होंगी, लेकिन जब घंटों बीत जाने के बाद भी वे घर नहीं लौटीं, तो परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने आसपास के इलाके, रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों के यहाँ काफी खोजबीन की, परंतु दोनों बहनों का कोई सुराग नहीं मिल सका।
पुलिस ने संभाली कमान, सीसीटीवी फुटेज में दिखीं बच्चियां काफी खोजबीन के बाद निराश होकर पिता प्रतीक भारद्वाज ने रविवार शाम करीब 5:00 बजे कासगंज कोतवाली पुलिस को घटना की लिखित सूचना दी।
दो नाबालिग बच्चियों के लापता होने की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक जगदीश चंद्र स्वयं पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लवकुश नगर तथा आसपास के मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों को खंगालना शुरू किया। पुलिस जांच के दौरान सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में दोनों मासूम बहनें एक साथ पैदल जाती हुई दिखाई दे रही हैं।
प्रभारी निरीक्षक जगदीश चंद्र ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बच्चियों के जाने की दिशा और मार्ग का पता लगाया जा रहा है। पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं, जो आसपास के इलाकों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों बच्चियों को जल्द से जल्द सकुशल ढूँढकर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा। वहीं, दूसरी ओर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे ईश्वर से दोनों बेटियों की सुरक्षित वापसी की प्रार्थना कर रहे हैं।
No comments