Recent Posts

Breaking News

‘CJP प्रोटेस्ट में लोग मोदी को ठोकने आए थे’ वाले अरविंद केजरीवाल के बयान पर बीजेपी का हमला, कपिल मिश्रा बोले- ‘ये नैतिक और भाषाई दिवालियापन की अंतिम चीख’

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के एक बयान पर बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। बीजेपी ने केजरीवाल के बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए उन पर निशाना साधा और इसे उनकी ‘घटिया सोच’ करार दिया।

बीजेपी की ओर से साझा किए गए वीडियो में अरविंद केजरीवाल को CJP प्रोटेस्ट का जिक्र करते हुए यह कहते सुना जा सकता है कि “CJP प्रोटेस्ट में लोग मोदी को ठोकने आए थे।” इस बयान को लेकर बीजेपी ने केजरीवाल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है।

कपिल मिश्रा ने साधा निशाना

बीजेपी नेता और दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने भी अरविंद केजरीवाल के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भारत के तीन बार चुने हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में अरविंद केजरीवाल जिस तरह की ‘माओवादी भाषा’ में बोल रहे हैं, वह उनकी ‘विद्रोह क्रांति’ का प्रतीक नहीं, बल्कि नैतिक और भाषाई दिवालियापन की अंतिम चीख है।

कपिल मिश्रा ने कहा, “जिस शख्स को दिल्ली की जनता ने ‘ठोक’ कर पंजाब भगा दिया, जिसे अब पंजाब की जनता भी ‘ठोकने’ जा रही है, वो कुंठा में प्रधानमंत्री को ठोकने की बात कर रहा है।”

उन्होंने आगे कहा, “इस देश की जनता ‘ठोकने’ की लंपटता के लिए नहीं, बल्कि नरेंद्र मोदी जी के साथ विकास की राष्ट्र-नीति के लिए आई है और ये साथ पहले से ज्यादा मजबूती लिए हुए आगे भी बना रहेगा।”

बीजेपी ने केजरीवाल के बयान को बताया आपत्तिजनक

बीजेपी ने अरविंद केजरीवाल के बयान को लेकर आम आदमी पार्टी पर भी निशाना साधा है। पार्टी का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को लेकर इस तरह की भाषा राजनीतिक संवाद की मर्यादा के खिलाफ है।

वहीं, केजरीवाल के बयान को लेकर बीजेपी नेताओं की ओर से लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। इस मुद्दे ने एक बार फिर बीजेपी और आम आदमी पार्टी के बीच राजनीतिक बयानबाजी को तेज कर दिया है।

No comments