चलती ट्रेन के नीचे गिरा शख्स, ऊपर से गुजर गई पूरी ट्रेन, VIDEO में फिर दिखा ऐसा चमत्कार कि लोग रह गए दंग!.
सोशल मीडिया पर आए दिन ऐसे वीडियो सामने आते हैं, जिन्हें देखकर कुछ पल के लिए लोगों की सांसें थम जाती हैं। ऐसा ही एक हैरान कर देने वाला वीडियो इन दिनों वायरल हो रहा है। वीडियो एक रेलवे स्टेशन का है, जहां एक शख्स चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करते हुए अचानक ट्रेन और पटरी के बीच जा गिरता है।
इसके बाद जो हुआ, उसे देखकर वहां मौजूद लोगों के साथ-साथ वीडियो देखने वाले लोग भी हैरान रह गए।
चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश पड़ी भारी:
वायरल वीडियो में रेलवे स्टेशन पर बड़ी संख्या में यात्री नजर आ रहे हैं। इसी दौरान एक ट्रेन प्लेटफॉर्म से रवाना होती दिखाई देती है। ट्रेन के जाते वक्त एक शख्स, जो देखने में वेंडर यानी ट्रेन में सामान बेचने वाला लग रहा है, अपना सामान लेकर ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करता है। शख्स पहले अपना सामान चलती ट्रेन के अंदर रखने में कामयाब हो जाता है। लेकिन इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ जाता है और वह ट्रेन की चपेट में आने के बेहद करीब पहुंच जाता है।
एक पल में पटरी के बीच गिरा शख्स:
वीडियो में देखा जा सकता है कि संतुलन बिगड़ने के बाद शख्स ट्रेन और रेलवे ट्रैक के बीच गिर जाता है। यह नजारा देखकर आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच जाता है। कुछ ही सेकंड में पूरी ट्रेन उसके ऊपर से गुजरती हुई दिखाई देती है। स्टेशन पर मौजूद लोगों को उस शख्स के साथ किसी बड़े हादसे की आशंका होने लगती है। लेकिन ट्रेन के गुजरने के बाद जो नजारा सामने आता है, उसे देखकर हर कोई दंग रह जाता है।
ट्रेन गुजरने के बाद खुद खड़ा हो गया:
ट्रेन के पूरी तरह गुजर जाने के बाद वह शख्स अचानक उठकर खड़ा होता दिखाई देता है। उसे सही-सलामत देखकर आसपास मौजूद लोग भी हैरान रह जाते हैं। जिस जगह कुछ सेकंड पहले बड़ा हादसा होने की आशंका थी, वहीं शख्स को अपने पैरों पर खड़ा देखकर लोग इसे किसी चमत्कार से कम नहीं मान रहे हैं।
VIDEO देखकर लोगों की अटकी सांसें:
इस वीडियो को सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है। लोग शख्स के बचने को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई यूजर्स इसे 'ईश्वर का चमत्कार' बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग शख्स की लापरवाही पर सवाल उठा रहे हैं।
हालांकि, वायरल वीडियो की जगह और घटना की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन वीडियो में दिख रहा दृश्य इतना खौफनाक है कि इसे देखकर किसी की भी सांसें अटक सकती हैं।

No comments