Recent Posts

Breaking News

हल्दी-मेहंदी हो गई, बारात भी पहुंच गई... फिर हुई पुलिस की एंट्री तो 13 साल की दुल्हन छोड़ भागा दूल्हा

हल्दी-मेहंदी हो गई, बारात भी पहुंच गई... फिर हुई पुलिस की एंट्री तो 13 साल की दुल्हन छोड़ भागा दूल्हा


मेरठ : कुछ लोगों ने शादी को मजाक बनाकर रख दिया है. एक-दूसरे के सात जन्मों में बंधने वाले रिश्ते में बच्चों को फंसाया जा रहा है. जिस लड़की की उम्र खेलने-कूदने और पढ़ने की है… उसे एक लड़के की जिम्मेदारी सौंपी जा रही.


हम बात कर रहे हैं बाल विवाह की. इस बारे में लगभग सभी लोग जानते हैं, लेकिन जानकारी होने के बावजूद कुछ लोग इस तरह का अपराध कर बैठते हैं. पहले पुरानी प्रथा के कारण बच्चियों की शादी बालिग होने से पहले ही कर दी जाती थी. इससे कई बार कम उम्र में गर्भधारण के कारण गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं और मृत्यु तक हो जाती थी. मगर, जब अब नियम कानून बन गए हैं, तब भी लोग बाज नहीं आ रहे हैं. अब मेरठ से एक ऐसा मामला सामने आ रहा है. यहां एक 13 साल की बच्ची की शादी की जा रही थी. जब पुलिस पहुंची तो मौके से 20 साल का दूल्हा और उसका परिवार फूर्र हो गया.

मामला मेरठ के शेरगढ़ी स्थित एक मंदिर का है. यहां 13 वर्षीय किशोरी की 20 वर्षीय युवक से शादी की कोशिश का मामला सामने आया है. पुलिस को जानकारी मिली की नाबालिगों की शादी कराई जा रही है. इस पर शादी की रस्म के दौरान मेडिकल थाना पुलिस ने मंदिर में छापा मारा. पुलिस के पहुंचते ही दूल्हा अपने परिवार के साथ मौके से भाग गया. लड़की पक्ष के लोग भी वहां से चले गए.

मंदिर में किशोरी और उसकी मां रह गईं. इसके बाद पुलिस ने बाल कल्याण समिति को सूचना दी. सीडब्ल्यूसी की टीम मंदिर पहुंची और किशोरी को अपने साथ केंद्र ले गई. वहां किशोरी और उसकी मां से पूछताछ की गई. जांच में किशोरी की उम्र 13 वर्ष और युवक की उम्र 20 वर्ष बताई गई.

सीडब्ल्यूसी की ओर से पिछले तीन दिनों से मामले की जांच की जा रही है. किशोरी की काउंसिलिंग भी कराई जा रही है. एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है. उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

No comments