Recent Posts

Breaking News

'मौत' का उधार! 25000 के लिए मार डाला, शराब पिलाकर मर्डर और फिर लाश भी जला दी !

'मौत' का उधार! 25000 के लिए मार डाला, शराब पिलाकर मर्डर और फिर लाश भी जला दी !


अमरोहा: उत्तर प्रदेश के अमरोहा से एक दहला देने वाली घटना सामने आई है जहाँ मात्र पच्चीस हजार रुपये न चुकाने पड़े इसके लिए एक शख्स ने अपने ही दोस्त को मौत के घाट उतार दिया।

मामला हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के दीपपुर गांव का है जहाँ 35 साल के मुकेश नाम के युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने की नीयत से मृतक के शव और उसकी मोटरसाइकिल दोनों को आग के हवाले कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना 12 सितंबर की है जब सुखवीर नाम के एक शख्स ने मुकेश को ननिहाल जाने के बहाने से उसके घर से बुलाया था।

पैसों के लेनदेन को लेकर हुआ विवाद

मृतक के पिता द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक मुकेश ने मुख्य आरोपी सुखवीर को 25 हजार रुपये उधार दिए हुए थे। मुकेश लगातार अपनी रकम वापस पाने के लिए सुखवीर पर पैसे लौटाने का लगातार दबाव बना रहा था। बार-बार पैसे मांगने से नाराज होकर सुखवीर ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने की साजिश रची। प्राप्त जानकारी के अनुसार रकम वापस मांगने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद काफी बढ़ गया था।

शराब पिलाकर ईंट से कुचला सिर

साजिश के तहत आरोपी सुखवीर अपने 35 साल के दोस्त मुकेश को ननिहाल ले जाने के बहाने अपने साथ ले गया। इसके बाद आरोपी ने उसके साथ जमकर शराब पी और फिर ईंट से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी। इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम देने में सुखवीर का साथ उसके साथी ओमकार ने दिया। एडिशनल एसपी अखिलेश भदौरिया के मुताबिक हत्या करने के बाद दोनों आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने और घटना का पता न चल सके इसके लिए एक खतरनाक योजना बनाई।

गन्ने के खेत में शव डालकर लगाई आग

हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने मुकेश के शव को एक गन्ने के खेत में पहुंचाया। वहां उन्होंने शव के ऊपर मोटरसाइकिल डाली और फिर पेट्रोल छिड़ककर उसमें आग लगा दी। पुलिस के अनुसार आरोपियों का मुख्य मकसद शव को जलाकर उसकी पहचान मिटाना और हत्या से जुड़े सभी सबूतों को नष्ट करना था। 13 सितंबर की सुबह खेत में एक जला हुआ शव मिलने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और पुलिस ने सक्रिय होकर इस पूरे मामले की जांच शुरू की।

वैज्ञानिक साक्ष्यों से पकड़े गए आरोपी

पुलिस ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने के लिए फील्ड यूनिट, डॉग स्क्वॉड और सर्विलांस टीम को जांच में लगाया। वैज्ञानिक साक्ष्यों और अन्य पुख्ता सुरागों के आधार पर पुलिस आखिरकार आरोपियों तक पहुंच गई। एडिशनल एसपी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि पुलिस ने मुख्य आरोपी सुखवीर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। सुखवीर की निशानदेही पर पुलिस ने मृतक मुकेश की खून से सनी शर्ट भी बरामद कर ली है। पुलिस की जांच-पड़ताल में धर्मेंद्र और प्रदीप उर्फ नन्हे के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी भूमिका की पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।

No comments