Recent Posts

Breaking News

अमीनगर सराय में पत्नी पर किया कैंची से हमला; मां की गोद से छूटकर गिरने से 3 माह की बच्ची की मौत

बागपत: अमीनगर सराय में पत्नी पर किया कैंची से हमला, मां की गोद से छूटकर गिरने से 3 माह की बच्ची की मौत

मीनगर सराय (बागपत)। क्षेत्र के एक गांव में पारिवारिक विवाद और अवैध संबंधों के संदेह ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। देवर के साथ संबंध होने के शक में एक सिरफिरे पति ने अपनी पत्नी की गर्दन पर कैंची से जानलेवा हमला कर दिया।

इस दौरान जान बचाने की भागदौड़ में मां की गोद से छूटकर फर्श पर गिरी तीन महीने की मासूम बच्ची की सिर में गंभीर चोट लगने और अत्यधिक खून बहने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

देवर पर शक के चलते सुबह-सुबह हुआ खूनी विवाद

पीड़ित महिला के अनुसार, उसका पति पेशे से वेल्डिंग मिस्त्री है। बृहस्पतिवार की सुबह जब वह घर का काम निपटा रही थी, तभी उसके पति ने देवर से अवैध संबंध का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि पति ने कमरे में रखी कैंची उठाकर महिला की गर्दन पर वार कर दिया। महिला के चिल्लाने पर दूसरे कमरे से आई उसकी दो ननदों ने उसे बचाने का प्रयास किया। इसी बीच पति ने दोबारा कैंची से वार करना चाहा। हमले से बचने के दौरान महिला के हाथ से उसकी 3 माह की बेटी अचानक छूटकर नीचे पक्के फर्श पर जा गिरी।

सिर में चोट और खून बहने से मासूम की थमी सांसें

फर्श पर गिरते ही बच्ची का सिर तेजी से टकराया और गंभीर चोट आ गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि हुई है कि सिर की हड्डी में गंभीर चोट लगने और अत्यधिक मात्रा में रक्तस्राव होने के कारण मासूम की मौके पर ही मृत्यु हो गई। मृत बच्ची अपने तीन भाई-बहनों में सबसे छोटी थी।

बिना सूचना शव दफनाने की कोशिश

घटना के तुरंत बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। इसके बाद परिवार के लोग मामले को दबाने के लिए बच्ची के शव को बिना पुलिस को सूचित किए दफनाने की जल्दबाजी करने लगे। इसी बीच गांव के किसी व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दे दी कि पिता ने बच्ची को जमीन पर पटककर मार डाला है।

पुलिस से नोकझोंक और हंगामा

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने रास्ते में ही परिजनों को रोककर शव को अपने कब्जे में ले लिया। इस बात को लेकर परिजनों और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई और परिजनों ने हंगामा भी किया।

पड़ोसियों पर मुखबिरी का शक पर गली में हुआ विवाद

पुलिस द्वारा शव कब्जे में लिए जाने के बाद परिजनों का गुस्सा पड़ोसियों पर फूटा। पुलिस को सूचना देने के शक में परिजनों ने गली में खड़े होकर पड़ोसियों के साथ जमकर झगड़ा किया। बाद में पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराया। शाम को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस की मौजूदगी में शव परिजनों को सौंपा गया, जिसके बाद उसे दफनाया गया।

पुलिस का बयान

बागपत के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सूरज कुमार राय ने बताया कि पुलिस को गांव में बच्ची की हत्या किए जाने की सूचना मिली थी। मौके पर जांच में मां के हाथ से बच्ची के छूटकर फर्श पर गिरने की बात सामने आई है। अभी तक परिजनों या पीड़िता की तरफ से कोई लिखित शिकायत (तहरीर) प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलते ही सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

No comments