Recent Posts

Breaking News

जयपुर मर्डर केस: बड़ी बेटी को ही मारना था, लेकिन 4 हत्याएं क्यों की? कातिल पिता ने बताई वजह

जयपुर मर्डर केस: बड़ी बेटी को ही मारना था, लेकिन 4 हत्याएं क्यों की? कातिल पिता ने बताई वजह


Jaipur Murder Case: राजस्थान की राजधानी जयपुर में पत्नी और तीन बेटियों की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी राहुल झा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. करधनी थाना क्षेत्र के गोविंद वाटिका इलाके में 11 सितंबर को हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद आरोपी जयपुर से फरार हो गया था.


पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद वह खाटूश्यामजी और रींगस के आसपास छिपता रहा. रविवार को पुलिस ने उसे रींगस में एक होटल के बाहर से दबोच लिया.

पुलिस के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के बाद राहुल घर से निकल गया. बताया जा रहा है कि उसने हत्या के बाद स्नान किया और अपने पिता को चाय भी पिलाई. इसके बाद वह बस से खाटूश्यामजी के लिए रवाना हो गया.

खाटूश्यामजी पहुंचने के बाद राहुल ने एक होटल संचालक से संपर्क किया. उसने अपनी अंगूठी देकर कुछ पैसे उधार देने की मांग की, लेकिन होटल संचालक ने मना कर दिया. इसके बाद आरोपी रींगस रेलवे स्टेशन पहुंच गया और रात वहीं गुजारी.

रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड के आसपास भटकता रहा

अगले दिन राहुल रींगस रेलवे स्टेशन और बीकानेर बस स्टैंड के आसपास घूमता रहा. इधर, जयपुर पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी थी. आरोपी के परिचितों से पूछताछ के साथ पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों और आने-जाने के रास्तों की जानकारी जुटाई.

जांच के दौरान पुलिस टीम ने खाटूश्यामजी और रींगस इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज में मिले हुलिए और अन्य जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की. इसके बाद वेस्ट जिले और कमिश्नरेट की सीएसटी टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए राहुल को रींगस में एक होटल के बाहर से पकड़ लिया.

बड़ी बेटी से नाराज था राहुल

पुलिस की शुरुआती पूछताछ में राहुल ने अपनी बड़ी बेटी को लेकर नाराजगी की बात बताई है. उसके मुताबिक, बड़ी बेटी अक्सर परिचितों के साथ बाहर घूमने जाती थी. हाल ही में वह किसी अनजान युवक के साथ कांवड़ लेकर भी आई थी. राहुल का कहना है कि उसने बेटी को कई बार समझाया था.

पुलिस अब आरोपी के इन दावों और हत्या की असली वजह की जांच कर रही है. पूछताछ में सामने आया कि राहुल के मन में यह विचार था कि अगर वह सिर्फ बड़ी बेटी की हत्या करता है तो उसे जेल जाना पड़ेगा. ऐसी स्थिति में पीछे पत्नी और उसकी दो अन्य बेटियों की देखभाल कौन करेगा.

एक साथ पूरे परिवार को खत्म करने की योजना

पुलिस के अनुसार, इसी सोच के चलते राहुल ने कथित तौर पर पूरे परिवार को खत्म करने की योजना बनाई. उसने अपनी पत्नी और तीनों बेटियों की हत्या कर दी और इसके बाद मौके से फरार हो गया.

पुलिस अब हत्या में इस्तेमाल हथियार, वारदात की पूरी कड़ी, आरोपी की मानसिक स्थिति और घटना से पहले की गतिविधियों को लेकर पूछताछ कर रही है. साथ ही सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है.

No comments