पत्नी का कत्ल, सिर फ्रिज में रखा. अब एनकाउंटर में ढेर हुआ कातिल पति

Assam Guwahati murder: असम के गुवाहाटी में अपनी पत्नी की हत्या के आरोपी रामानुज गोस्वामी का पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया है.अधिकारियों के मुताबिक, रामानुज पर 25 वर्षीय पत्नी रिया तालुकदार की हत्या करने का आरोप था.
पुलिस का कहना है कि सोमवार सुबह कस्टडी में रहते हुए आरोपी ने भागने की कोशिश की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी. उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई.
यह मामला 6 सितंबर को सामने आया था. गुवाहाटी स्थित एक अपार्टमेंट में रहने वाले दंपती को पड़ोसियों ने करीब दो दिनों से नहीं देखा था. दोनों के मोबाइल फोन भी बंद आ रहे थे. इसी दौरान फ्लैट से तेज दुर्गंध आने लगी. पड़ोसियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी.
मौके पर पहुंची पुलिस ने फ्लैट का दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन जब कोई जवाब नहीं मिला तो ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया. घर के भीतर पुलिस को एक महिला का शव मिला. शव की हालत काफी खराब हो चुकी थी और शरीर से सड़ने की प्रक्रिया शुरू हो गई थी. पुलिस के अनुसार, महिला की कुछ उंगलियां भी कटी हुई थीं और धड़ से सिर गायब था.
फ्रिज में मिला महिला का कटा हुआ सिर
जांच के दौरान पुलिस ने पूरे फ्लैट की तलाशी ली. इसी दौरान फ्रिज के अंदर पॉलीथिन बैग में महिला का कटा हुआ सिर बरामद हुआ. बाद में शव की पहचान 25 वर्षीय रिया तालुकदार के रूप में हुई. पुलिस के मुताबिक, रिया की शादी रामानुज गोस्वामी से कुछ महीने पहले ही हुई थी. शव मिलने के बाद पुलिस ने रामानुज की तलाश शुरू कर दी थी. वह फ्लैट से फरार था. पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी और उसकी तलाश जारी रखी.
खुद पुलिस के सामने किया था सरेंडर
मामले में आरोपी रामानुज ने रविवार देर रात पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया था. इसके बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया. पुलिस उससे हत्या की वजह और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही थी.
हालांकि, सोमवार सुबह पुलिस के मुताबिक हिरासत के दौरान रामानुज ने भागने की कोशिश की. पुलिस का दावा है कि उसे रोकने के लिए कार्रवाई की गई, जिसमें गोली लगने से उसकी मौत हो गई.
No comments