नेहा झा के बाद अब मुजफ्फरपुर में काजल, 50 लाख का माल लेकर किया 1200KM का सफर, 4 दोस्तों संग धराई

मुजफ्फरपुरः समस्तीपुर की नेहा झा के बाद अब मुजफ्फरपुर में एक युवती के नशे की तस्करी के आरोप में पकड़े जाने का मामला सामने आया. तुर्की थाना क्षेत्र में पुलिस ने काजल कुमारी समेत पांच लोगों को अरेस्ट किया.
इनके पास से करीब 136.35 ग्राम हेरोइन और 2.50 लाख रुपये कैश बरामद किए गए. पुलिस के मुताबिक बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है. सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई में बिहार नारकोटिक्स विभाग के एसटीएफ की भी भूमिका रही.
सिलचर से ट्रेन के जरिए पहुंची थी खेप
पुलिस के अनुसार काजल कुमारी अपने चार सहयोगियों के साथ हेरोइन की खेप लेकर निकली थी. सभी पहले ट्रेन से सिलचर (असम) से किशनगंज पहुंचे. इसके बाद बस से मुजफ्फरपुर आए. यहां से सभी वैशाली जाने की तैयारी में थे. इसी दौरान पुलिस को तस्करों के बारे में सूचना मिली. बिहार नारकोटिक्स विभाग के एसटीएफ से सूचना मिलने के बाद तुर्की थाना पुलिस ने माधौल बाईपास के समीप कार्रवाई की. पुलिस ने मौके से काजल कुमारी और चार युवकों को पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उनके पास से 136.35 ग्राम हेरोइन और 2.50 लाख रुपये कैश बरामद होने की बात कही गई है.
काजल समेत पांच की पहचान
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पटना के फतुहा निवासी काजल कुमारी, वैशाली के रुस्तमपुर निवासी सतीश कुमार, राघोपुर निवासी कुंदन कुमार, प्रकाश कुमार और रोहित कुमार के रूप में हुई है. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ये सभी आपस में कैसे जुड़े थे और नशे की खेप किसके लिए लेकर जा रहे थे.
विदेशी कनेक्शन खंगाल रही पुलिस
एसडीपीओ वेस्ट-2 अनिमेष चंद्र ज्ञानी ने बताया कि बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो नहीं है. साथ ही अंतरराष्ट्रीय लिंक की संभावना की भी जांच की जा रही है. मालूम हो कि, समस्तीपुर में नेहा झा की गिरफ्तारी के बाद अब मुजफ्फरपुर में काजल कुमारी के पकड़े जाने से नशे की तस्करी में युवतियों की भूमिका को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
No comments