Recent Posts

Breaking News

'प्रिंसिपल बनूंगा..', एक दिन के लिए टीचर बने तो क्या करोगे? मैम के सवाल पर बच्चों का अनोखा जवाब!

'प्रिंसिपल बनूंगा..', एक दिन के लिए टीचर बने तो क्या करोगे? मैम के सवाल पर बच्चों का अनोखा जवाब!


च्चों के मन की बात जानना हो तो उनसे बस एक आसान सा सवाल पूछ लीजिए. फिर देखिए, जवाब कितनी दूर तक पहुंचते हैं. बड़े लोग जहां सोच-समझकर जवाब देते हैं, वहीं बच्चे बिना किसी फिल्टर के वही बोल देते हैं जो उनके मन में आता है.


यही वजह है कि उनकी बातें कई बार इतनी मजेदार होती हैं कि सुनने वाला अपनी हंसी नहीं रोक पाता. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक ऐसा ही वीडियो इन दिनों लोगों को खूब गुदगुदा रहा है. इस वीडियो में एक टीचर बच्चों से पूछती हैं कि अगर उन्हें सिर्फ एक दिन के लिए टीचर बनने का मौका मिल जाए, तो वो क्या करेंगे? सवाल सुनने में बेहद सामान्य था, लेकिन बच्चों ने इसके जो जवाब दिए, वो सुनकर शायद टीचर ने भी नहीं सोचा होगा कि बात इतनी मजेदार हो जाएगी. किसी ने प्रिंसिपल बनने की इच्छा जताई, तो किसी ने मैम को ही होमवर्क देने का प्लान बना लिया.

वीडियो की शुरुआत एक छोटी बच्ची से होती है. मैम उससे पूछती हैं कि अगर वह एक दिन के लिए टीचर बन जाए तो क्या करेगी? बच्ची बड़ी मासूमियत से जवाब देती है कि वह प्रिंसिपल बनेगी. उसके इस जवाब से ही अंदाजा लग जाता है कि बच्चों के दिमाग में टीचर बनने के साथ-साथ स्कूल की कमान संभालने की भी पूरी तैयारी है. लेकिन इसके बाद आने वाले जवाब तो और भी मजेदार हैं.

बच्चे ने मैम को ही दे दिया होमवर्क
एक दूसरे बच्चे से जब यही सवाल पूछा गया तो उसने बिना किसी झिझक के कहा कि वह मैम को होमवर्क देगा. बच्चे का जवाब सुनकर ऐसा लगता है जैसे उसे मौका मिलते ही अपनी मैम से हिसाब बराबर करना है. जिस होमवर्क को रोज बच्चे करने से बचते हैं, वही बच्चा टीचर बनते ही मैम को देने के लिए तैयार है. सोशल मीडिया यूजर्स भी इस जवाब को सबसे ज्यादा मजेदार बता रहे हैं. एक यूजर ने तो कमेंट में कहा कि मैम को होमवर्क देने वाले बच्चे की दूरदर्शिता की दाद देनी पड़ेगी.

कोई बोला- मैं तो स्कूल ही नहीं आऊंगा
बच्चों की मासूमियत का एक और मजेदार उदाहरण तब देखने को मिलता है, जब एक बच्चा कहता है कि वह टीचर बनने के बाद स्कूल ही नहीं आएगा. यानी टीचर बनने की जिम्मेदारी लेने से पहले ही उसने छुट्टी का इंतजाम कर लिया. एक और बच्चे ने भी लगभग यही बात कही. साफ है कि उसके लिए टीचर बनने का मतलब पढ़ाई कराने से ज्यादा स्कूल से छुट्टी लेना है. बच्चों के ये जवाब सुनकर समझ आता है कि उनके लिए स्कूल की सबसे बड़ी खुशी शायद छुट्टी ही है. वीडियो में एक बच्चा ऐसा भी है, जिसका टीचर बनते ही पूरा फोकस पढ़ाई से हटकर डांस पर चला जाता है. वह कहता है कि वह सबको डांस कराएगा. एक नटखट बच्चे ने तो पूरी क्लास में 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' के जेठालाल की तरह डांस कराने का फैसला कर लिया. यानी जहां टीचर रोज बच्चों को पढ़ाई पर ध्यान देने के लिए कहते हैं, वहीं इन बच्चों को मौका मिला तो उन्होंने क्लास को ही डांस फ्लोर बनाने का प्लान तैयार कर लिया.

पढ़ाई छोड़कर होगी आइसक्रीम पार्टी
वीडियो का सबसे प्यारा जवाब एक बच्चे का है. उसने टीचर बनने के बाद पढ़ाई कराने के बजाय पूरी क्लास को आइसक्रीम पार्टी देने की बात कही. बच्चे की इस बात से साफ है कि उसके लिए एक दिन का टीचर बनना मतलब दोस्तों के साथ खूब मस्ती करना और आइसक्रीम खाना है. शायद यही बच्चों की सबसे खास बात होती है. उनके लिए छोटी-छोटी चीजें भी बड़ी खुशी लेकर आती हैं और उनकी सोच में किसी तरह की बनावट नहीं होती.

सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा वीडियो
अब बच्चों के इन मजेदार जवाबों वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इंस्टाग्राम पर इसे @samarathekindergarten नाम के पेज से शेयर किया गया है. वीडियो को कई लाख लोग देख चुके हैं, जबकि इसे 4 लाख से ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं. वीडियो पर यूजर्स भी बच्चों के जवाबों को लेकर मजेदार कमेंट कर रहे हैं. एक यूजर ने मैम को होमवर्क देने वाले बच्चे की तारीफ करते हुए उसकी सोच को काफी मजेदार बताया. वहीं, दूसरे यूजर ने कहा कि बच्चे मन के सच्चे होते हैं और टीचर बनने के बाद भी उन्हें मस्ती और आइसक्रीम ही याद आती है. बच्चों के ये जवाब भले ही मजाकिया हों, लेकिन उनकी मासूमियत ही इस वीडियो की सबसे खास बात है. यही वजह है कि लोग इसे बार-बार देख रहे हैं और बच्चों की बातें सुनकर मुस्कुरा रहे हैं.

No comments