जेल से छूटा तो शादी के बजाय धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया, जमानत रद्द और वारंट के बाद भी 6 महीने से आरोपी फरार.

रांची. मुंबई में जूनियर आर्टिस्ट के तौर पर काम करने वाली एक युवती इंसाफ के लिए रांची के थानों के चक्कर काट रही है. युवती का आरोप है कि गोमिया निवासी नदीम अंसारी ने पहले शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाए, फिर उसे रांची लाकर स्पा सेंटर में गलत काम करने का दबाव बनाया.
युवती के विरोध करने पर आरोपी शादी से मुकर गया. मामला दर्ज होने के बाद आरोपी जेल भी गया, लेकिन शादी का वादा कर समझौते के आधार पर जमानत लेने में सफल रहा. अब कोर्ट से जमानत रद्द होने और वारंट जारी होने के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है.
मुंबई में हुई थी नदीम से पहचान
पीड़िता के अनुसार, मुंबई में काम करने के दौरान उसकी मुलाकात गोमिया के रहने वाले नदीम अंसारी से हुई थी. यही बातचीत धीरे-धीरे दोस्ती और फिर प्रेम संबंध में बदल गई. युवती का आरोप है कि नदीम ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए. जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो नदीम उसे अपने साथ रांची ले आया. युवती का कहना है कि रांची आने के बाद नदीम का व्यवहार बदल गया. उसने उस पर स्पा सेंटर में काम करने और ग्राहकों के साथ गलत संबंध बनाने का दबाव बनाया. युवती ने जब इसका विरोध किया तो नदीम ने शादी से ही इनकार कर दिया.
केस दर्ज हुआ, आरोपी जेल भी गया
शादी से इनकार के बाद युवती ने रांची के महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने नदीम अंसारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. हालांकि, इसके बाद आरोपी ने फिर से युवती को शादी करने का भरोसा दिया. इसी आधार पर दोनों के बीच समझौता हुआ और नदीम को जमानत मिल गई. पीड़िता का आरोप है कि जेल से बाहर आने के बाद भी आरोपी ने अपना वादा पूरा नहीं किया. बल्कि उस पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया जाने लगा. युवती ने धर्म परिवर्तन से इनकार कर दिया, जिसके बाद नदीम उसे छोड़कर फरार हो गया.
जमानत रद्द, वारंट जारी, फिर भी गिरफ्तारी नहीं
युवती ने इसके बाद कोर्ट का रुख किया और आरोपी की जमानत रद्द कराई. कोर्ट की ओर से नदीम अंसारी के खिलाफ वारंट भी जारी किया गया. इसके बावजूद पीड़िता का दावा है कि पिछले करीब छह महीने से वह लगातार थाने और पुलिस अधिकारियों के चक्कर लगा रही है, लेकिन आरोपी अब तक गिरफ्तार नहीं हुआ है. पीड़िता का कहना है कि उसने पुलिस और अदालत, दोनों स्तर पर कार्रवाई का रास्ता अपनाया है, फिर भी आरोपी खुलेआम घूम रहा है. ऐसे में उसके सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब वारंट जारी हो चुका है तो गिरफ्तारी अब तक क्यों नहीं हुई.
पुलिस कार्रवाई पर उठ रहे सवाल
इस मामले में आरोप गंभीर हैं, क्योंकि इसमें शादी का झांसा देकर यौन शोषण, गलत धंधे में धकेलने का दबाव और धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर करने जैसे आरोप लगाए गए हैं. हालांकि, इन आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच और अदालत की प्रक्रिया से ही होगी. फिलहाल पीड़िता की शिकायत और कोर्ट से जारी वारंट के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं. अब देखने वाली बात यह है कि पुलिस वारंट के आधार पर आरोपी को कब गिरफ्तार करती है और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए आगे क्या कदम उठाए जाते हैं.
No comments