Recent Posts

Breaking News

7 दिन तक बोरी मत खोलना: 1000 दो और 2 लाख पाओ... फिर हुई 15 करोड़ की बारिश! नासिक में भोंदू बाबा गिरफ्तार

7 दिन तक बोरी मत खोलना: 1000 दो और 2 लाख पाओ... फिर हुई 15 करोड़ की बारिश! नासिक में भोंदू बाबा गिरफ्तार


नासिक. महाराष्ट्र के नासिक जिले में लोगों को 15 करोड़ रुपये की धनवर्षा कराने का लालच देकर ठगी करने वाले एक फर्जी बाबा और उसके साथियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है. मामला कळवण तालुका के पिंपळे खुर्द गांव का है, जहां मंत्र-तंत्र और पूजा विधि के नाम पर मुंबई के परिवारों को कथित तौर पर ठगी का शिकार बनाया गया.


आरोप है कि भोंदू बाबा हिराचंद बर्डे और उसके छह साथियों ने पीड़ितों को 15 करोड़ रुपये की धनवर्षा कराने का झांसा दिया. ठगी की शुरुआत कथित तौर पर प्रति व्यक्ति 1,000 रुपये लेकर उसे 2 लाख रुपये करने का लालच देकर की गई. इसके बाद पांच लोगों से कुल 10 लाख 55 हजार रुपये ऐंठे जाने का आरोप है.

नारियल में धमाका कर दिखाया 'चमत्कार'
पुलिस के मुताबिक, पूजा विधि के दौरान आरोपियों ने नारियल में विस्फोट कर इसे चमत्कार के तौर पर पेश किया. इसके बाद पीड़ितों को भरोसा दिलाया गया कि अब 3 करोड़ रुपये की धनवर्षा होने वाली है. कथित तौर पर उन्हें बोरी भरकर नकली नोट दिए गए और कहा गया कि बोरी को सात दिनों तक नहीं खोलना है.

पीड़ितों ने जब सात दिन बाद बोरी खोली तो शुरुआती तौर पर ऊपर रखा नोट असली मिला, लेकिन नोटों के बंडल खोलने पर पता चला कि बाकी सभी नोट नकली थे. इसके बाद जब पीड़ितों ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोप है कि उन्हें गायब करने और जान से मारने की धमकी दी गई.

अंनिस की मदद से पुलिस तक पहुंची शिकायत
ठगी का शिकार हुए लोगों ने मामले की जानकारी महाराष्ट्र अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति (अंनिस) को दी. अंनिस की मदद से अभोणा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भोंदू बाबा हिराचंद बर्डे समेत छह साथियों को गिरफ्तार किया है.

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जादूटोना विरोधी कानून के साथ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है. पुलिस और अंनिस की ओर से ऐसे लोगों से अपील की गई है, जो इसी तरह की ठगी का शिकार हुए हैं, कि वे अभोणा पुलिस या अंनिस के कार्यकर्ताओं से संपर्क करें.

No comments