Recent Posts

Breaking News

पत्नी से अफेयर के शक में दोस्त की हत्या! फिल्मी स्टाइल में दिया मर्डर को अंजाम, 9 गिरफ्तार

पत्नी से अफेयर के शक में दोस्त की हत्या! फिल्मी स्टाइल में दिया मर्डर को अंजाम, 9 गिरफ्तार


जबलपुर. मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में एक लड़के की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, 28 वर्षीय तरवर उर्फ बड्डू गुर्जर की उसके दोस्त ने कथित तौर पर बिजली का करंट लगाकर हत्या कर दी.


आरोपी को शक था कि तरवर का उसकी पत्नी के साथ अफेयर चल रहा है. आरोपी ने अपने साथियों की मदद से उस रास्ते में बिजली के नंगे तार बिछाए थे, जहां से तरवर अक्सर खेतों के रास्ते अपने घर लौटता था. घटना के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर शव को नर्मदा नदी में फेंक दिया. मामले में नरसिंहपुर पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत कुल 9 लोगों को गिरफ्तार किया है.

टाइम्स ऑफ इंडिया कि रिपोर्ट के मुताबिक, नरसिंहपुर के एसपी संदीप भुरिया के मुताबिक, तरवर 14 सितंबर को उत्तरा बाई को छोड़ने के लिए गुर्जर-खेड़ा गांव में अपने मामा के घर गया था. इसके बाद वह घर नहीं लौटा. परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की. जांच में पता चला कि तरवर अक्सर भटेरा गांव जाता था. जिस दिन वह लापता हुआ, उस दिन उसकी मुलाकात दोस्त सुरेंद्र जाटव से हुई थी. पुलिस के मुताबिक, दोनों ने साथ में शराब पी थी.

पुलिस ने सुरेंद्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की. जांच एजेंसी के अनुसार, पूछताछ में उसने हत्या की बात कबूल की और बताया कि उसे तरवर पर अपनी पत्नी के साथ संबंध होने का शक था. सुरेंद्र को पता था कि तरवर खेतों के बीच से होकर एक खास रास्ते से घर लौटता है. आरोप है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर इसी रास्ते पर बिजली के नंगे तार बिछा दिए. घटना वाली रात सुरेंद्र ने कथित तौर पर एक बार फिर तरवर के साथ शराब पी. पुलिस का कहना है कि इसके बाद उसने बेहोश होने का नाटक किया. जब तरवर वहां से निकलकर अपने आम रास्ते पर पहुंचा, तो वह कथित तौर पर बिजली के तारों की चपेट में आ गया और करंट लगने से उसकी मौत हो गई.

शव नर्मदा नदी में फेंकने का आरोप

पुलिस के अनुसार, तरवर की मौत के बाद आरोपी और उसके साथियों ने कथित तौर पर शव को एनटीपीसी घाट तक पहुंचाया और नर्मदा नदी में फेंक दिया. बाद में तरवर का शव नर्मदापुरम जिले में नर्मदा नदी में तैरता हुआ मिला. परिवार के सदस्यों ने कपड़ों और अंगूठी के आधार पर शव की पहचान की. पुलिस ने वैज्ञानिक पुष्टि के लिए DNA सैंपल भी जांच के लिए भेजे हैं.

एक ही गांव हैं सभी आरोपी

नरसिंहपुर पुलिस ने मामले में सुरेंद्र जाटव समेत नौ लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, अन्य आरोपियों की पहचान लखन उर्फ भुज्जू जाटव, हेमराज उर्फ हिम्मतू जाटव, बाबूलाल जाटव, भागवत जाटव, कमलेश उर्फ कम्मु जाटव, पूरन जाटव, राजेंद्र जाटव और लक्ष्मण जाटव के रूप में हुई है. सभी आरोपी पालोह थाना क्षेत्र के भटेरा गांव के रहने वाले हैं. मामले में हत्या का केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है.

No comments