Recent Posts

Breaking News

'मैं उनसे प्यार करता था...', बेंगलुरु में दो बेटियों की हत्या करने वाले कलयुगी पिता का कबूलनामा

'मैं उनसे प्यार करता था...', बेंगलुरु में दो बेटियों की हत्या करने वाले कलयुगी पिता का कबूलनामा


डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। बेंगलुरु में केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास 5-स्टार होटल में मिली दो बेटियों की लाश ने सनसनी मचा दी थी। बच्चियों का गला रेतने के बाद पिता ने भी खुदकुशी करने की कोशिश की।


इस मामले में अब पिता ने बेटियों की हत्या करने की बात कबूल कर ली है।

जांचकर्ताओं ने आरोपी की पहचान 40 साल के इमरान के तौर पर की है। वो एक लोकल कैब कंपनी में मैनेजर के पद पर था। पुलिस ने जब मामले की जांच के दौरान होटल के कमरे में अपराध के सीन को फिर से दोहराया (रीकंस्ट्रक्शन), तो वह टूट गया।

रीकंस्ट्रक्शन के दौरान कबूल किया गुनाह

रीकंस्ट्रक्शन के दौरान, पुलिस ने बताया कि इमरान जमीन पर गिर गया और लगातार रोता रहा। जांच संभाल रहे एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने कहा, 'हमने उसे रोका नहीं और न ही उसे शांत करने की कोशिश की। हम जानते थे कि उसे अपनी भावनाएं बाहर निकालनी थीं। वह लगभग 15-20 मिनट तक रोता-बिलखता रहा और हम बस उसे देखते रहे।'

इमरान ने जांचकर्ताओं को बताया, ''मैंने उन्हें इसलिए मारा क्योंकि मैं उनसे प्यार करता था और उनके भविष्य को लेकर चिंतित था।'

पुलिस पूछताछ के दौरान, इमरान ने दोहरे हत्याकांड की बात कबूल की और जांचकर्ताओं को बताया कि शादी टूटने के बाद वह अपनी बेटियों की परवरिश को लेकर डरा हुआ था।

बिलालनगर के रहने वाले इमरान ने 10 अगस्त को अपनी ही बेटियों की हत्या कर दी थी और फिर गला काटकर खुदकुशी करने की कोशिश की थी। उसे एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया था और वह करीब दो हफ्ते बाद ठीक हो गया।

पत्नी की बेवफाई के चलते बेटियों की हत्या

पुलिस के मुताबिक, इमरान ने जांच के दौरान बताया कि उसकी पत्नी को नई नौकरी मिलने के बाद घटना से करीब 15 महीने पहले से उसकी शादी में खटास आने लगी थी। इमरान ने अपनी पत्नी पर आरोप लगाया कि उसका एक पुरुष सहकर्मी के साथ अफेयर चल रहा था।

इमरान और उसकी पत्नी के बीच ऑफिस के कलीग के साथ व्हाट्सएप चैट को लेकर भी कई बार झगड़ा हुआ और घटना से दो महीने पहले वे दोनों अलग हो गए। एक अनौपचारिक व्यवस्था के तहत, बच्चे हफ्ते के दिनों में अपनी मां के साथ रहते थे और वीकेंड पर इमरान से मिलने जाते थे।

पुलिस ने होटल के कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया, जिसमें इमरान ने अपनी पत्नी की बेवफाई, वैवाहिक कलह और कस्टडी के विवाद के बारे में लिखा था।

इमरान ने 10 अगस्त को अपनी 10 साल की बेटी शेख जोया और 5 साल की बेटी शेख जेहरा की हत्या की थी। वह खुद भी होटल के कमरे के वॉशरूम में खून से लथपथ मिला था, क्योंकि उसका गला कटा हुआ था।

No comments